Haryana Election: सिरसा सीट पर BJP का नामांकन वापसी का इरादा, गोपाल कांडा को मिलेगी समर्थन!

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख आज है। सिरसा विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार रोहताश जांगड़ा अपना नामांकन वापस ले सकते हैं, जिससे भाजपा इस सीट पर हरियाणा लोकहित पार्टी के उम्मीदवार गोपाल कांडा का समर्थन कर सकती है। जांगड़ा ने इस पर संकेत दिया है कि पार्टी के आदेश का पालन करेंगे और बीजेपी की सरकार बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
दूसरी ओर, गोपाल कांडा ने कहा कि वह अभी भी NDA का हिस्सा हैं और जीत के बाद भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे। उन्होंने बताया कि उनका परिवार हमेशा से RSS से जुड़ा रहा है और उनकी माता भाजपा को ही वोट देती हैं।
गोपाल कांडा 2019 में सिरसा सीट से विधायक बने थे और उन्होंने भाजपा को समर्थन दिया था। 2024 विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे के दौरान अटकलें थीं कि भाजपा गोपाल कांडा को सिरसा सीट दे सकती है। हालांकि, भाजपा ने इस बार रोहताश जांगड़ा को उम्मीदवार घोषित किया। इसके बाद गोपाल कांडा की पार्टी, हरियाणा लोकहित पार्टी (HALOPA) ने इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के साथ गठबंधन कर लिया। INLD पहले ही बहुजन समाज पार्टी (BSP) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। इसके परिणामस्वरूप, INLD के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने गोपाल कांडा को सिरसा सीट से गठबंधन का उम्मीदवार घोषित किया।
कांग्रेस के गोकुल सेतिया के खिलाफ मुकाबला चुनौतीपूर्ण
सिरसा सीट पर कांग्रेस की ओर से गोकुल सेतिया उम्मीदवार हैं। 2019 विधानसभा चुनाव में गोकुल सेतिया ने निर्दलीय के रूप में गोपाल कांडा को कड़ी टक्कर दी थी, और कांडा महज 603 वोटों से ही जीत पाए थे। गोकुल सेतिया पूर्व विधायक लक्ष्मण दास अरोड़ा के नाती हैं।