एसपी गोयल बने उत्तर प्रदेश के नए मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री योगी के सबसे विश्वस्त अफसरों में शुमार

IMG-20250731-WA0313

एसपी गोयल बने उत्तर प्रदेश के नए मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री योगी के सबसे विश्वस्त अफसरों में शुमार
आनंद पब्लिक, लखनऊ (उप संपादक अरुण वर्मा)

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए एसपी गोयल (शशि प्रकाश गोयल) को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। उन्होंने 31 जुलाई 2025 को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया, और वे जनवरी 2027 तक इस पद पर बने रह सकते हैं। एसपी गोयल 1989 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं और अब तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपर मुख्य सचिव के रूप में कार्य कर रहे थे।

मुख्यमंत्री कार्यालय में लगातार प्रभावी भूमिका निभाने वाले एसपी गोयल को योगी सरकार का सबसे भरोसेमंद और वरिष्ठ अधिकारी माना जाता है। उन्होंने बीते वर्षों में बिना चर्चा में आए, गंभीरता और कार्यकुशलता के साथ शासन के कई अहम निर्णयों को मूर्त रूप दिया है। वह दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में भी एक सशक्त और प्रभावशाली प्रशासक के तौर पर पहचान रखते हैं।

पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह का कार्यकाल 31 जुलाई को समाप्त हो गया और उन्हें सेवा विस्तार नहीं दिया गया। मुख्य सचिव पद के लिए तीन वरिष्ठ अफसरों की दौड़ में से एसपी गोयल को चुना गया, जो कि मुख्यमंत्री के प्रशासनिक सांचे में पहले से ही एक मजबूत स्तंभ रहे हैं।

कौन हैं एसपी गोयल?

एसपी गोयल का जन्म 1967 में लखनऊ में हुआ। उन्होंने बीएससी (ऑनर्स), एमसीए और ईएमआईबी कोर्स किया है। उन्होंने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत इटावा में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के रूप में की थी। इसके बाद वे मेरठ, अलीगढ़, बहराइच के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) और मथुरा, इटावा, प्रयागराज व देवरिया के जिलाधिकारी (DM) रह चुके हैं।

गोयल को राज्य शासन की बारीकियों का गहरा अनुभव है और वे सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल की नीति-निर्माण प्रक्रिया में लगातार मुख्य भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी नियुक्ति से शासन-प्रशासन के संचालन में लगातारता, स्थिरता और योग्यता का संतुलन बना रहेगा।

राज्य के नौकरशाही ढांचे में यह नियुक्ति बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि 2027 तक का कार्यकाल उन्हें राज्य के विकास और प्रशासनिक लक्ष्यों को दिशा देने का अवसर देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *