BIHAR NEWS: बहू के ताने और बेटे की पिटाई से तंग आकर मां ने लगाई गंडक मे छलांग; मछुआरों ने बचाई उसकी जान

अपनी बहू के ताने और बेटे की पिटाई से तंग आकर एक महिला ने सोमवार को बूढ़ी गंडक नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, मौके पर मौजूद मछुआरों ने तुरंत जाल फेंककर महिला की जान बचा दी और उसे सही सलामत पानी से बाहर निकाल दिया।



बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक कलयुगी बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर मां को इतना प्रताड़ित किया कि बेबस मां ने तंग आकर अपनी जान देने की कोशिश की। लाचार मां ने आत्महत्या करने के लिए बूढ़ी गंडक नदी में छलांग लगा दी। गनीमत रही कि वहां मछुआरे मौजूद थे, जिन्होंने तुरंत जाल फेंककर महिला की जान बचा दी। घटना मोतीपुर थाना इलाके भुड़कुड़वा घाट की है। नदी में छलांग लगाने वाली महिला बरुराज थाना इलाके के निवासी गोपाल साह की पत्नी मुन्नी देवी (50) है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत खतरे से बाहर है।

महिला के पति गोपाल साह ने बताया कि उसका एक बेटा है, जिसका नाम हरेश कुमार है। हरेश की पत्नी मुन्नी देवी को अक्सर ताने मारती रहती है। जबकि वह बेटे और बहू से अलग रहते हैं। सोमवार दोपहर को बेटे ने किसी बात को लेकर अपनी मां की पिटाई कर दी। इससे आहत होकर मुन्नी देवी ने बूढ़ी गंडक नदी में छलांग लगा दी।

तीन महीने पहले शादी हुई, विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दी

दूसरी ओर, औराई थाना इलाके के राजखंड दक्षिणी पंचायत के देकुली में रविवार रात एक 20 साल की नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर दी। महिला की तीन महीने पहले ही शादी हुई थी। उसके पति, ससुर और देवर बिहार से बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। महिला गांव में अपनी सास और गोतनी के साथ रह रही थी। घटना के बाद वे दोनों फरार हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है, मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों