उत्तर प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ा, कई जिलों में कोहरे और शीतलहर का अलर्ट

आज उत्तर प्रदेश का मौसम काफी ठंडा और शीतलहर से प्रभावित है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में घना कोहरा और ठंडी हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। दिन के समय में हालांकि खिली धूप से राहत मिल रही है, लेकिन जैसे ही शाम ढलती है, ठंडी हवाएं और कोहरे की चादर ने ठंड को और बढ़ा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन तक उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता कम होगी। साथ ही, रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। 16 और 17 दिसंबर को प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी दी गई है, जिनमें गोंडा, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बागपत, मेरठ, मुरादाबाद, देवरिया, बलिया और अन्य आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। इस दौरान इन इलाकों में ठंड का असर और बढ़ सकता है। विशेष रूप से बरेली मंडल में ठंड का प्रकोप अभी भी जारी है, जहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। वहीं, प्रदेश के अयोध्या में सबसे कम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रविवार को थोड़ी राहत मिली थी, जब तेज धूप के कारण दिन में तापमान में बढ़ोतरी हुई, लेकिन रात की सिहरन फिर से बढ़ गई। विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव के पास बैठकर रात बिताने को मजबूर हो गए। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मंगलवार से पछुआ हवाओं के चलते तापमान में कुछ राहत मिल सकती है, जिससे न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। हालांकि, कोहरा फिर से सड़क पर दृश्यता को प्रभावित कर सकता है, जिससे यात्रा में परेशानी हो सकती है।