नालंदा में हर्ष फायरिंग में युवक की मौत, ठांय-ठांय करने से सीने में लगी गोली

नालंदा जिले के बिंद थाना इलाके के बरहोग गांव में एक युवक की मौत के बाद हड़कंप मच गया। यह घटना बुधवार (11 दिसंबर) रात की है, जब एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग के दौरान एक गोली युवक के सीने में लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान त्रिलोकी कुमार के रूप में हुई है, जो 28 वर्ष के थे और बिंद थाना क्षेत्र के बरहोग गांव के निवासी थे।
जानकारी के मुताबिक, त्रिलोकी कुमार बारात में शामिल होने के लिए जयमाला समारोह के दौरान स्टेज पर चढ़े हुए थे। इसी दौरान हर्ष फायरिंग की गई और एक गोली सीधे उनके सीने में जा लगी। गोली लगने के बाद वह मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मृतक त्रिलोकी कुमार की शादी तीन साल पहले हुई थी, और इस घटना से उसके परिवार में कोहराम मच गया है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी धर्मेश गुप्ता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने बताया कि गोली किसने चलाई, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन जांच जारी है।
सदर डीएसपी ने कहा कि पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने कहा कि जांच के बाद लड़के और लड़की पक्ष पर भी कार्रवाई की जा सकती है। इस दुखद घटना ने गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है और मृतक के परिवार वाले रो-रोकर बेहाल हैं।