बिहार: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला, पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा
Preksha Gupta November 21, 2024
बिहार के नालंदा जिले में एक नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
नालंदा के रहुई थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पीड़िता के अनुसार, दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे आत्मग्लानि हुई और उसने जहर खा लिया। गंभीर हालत में पीड़िता को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़िता की मां ने बताया कि जब वह घर से बाहर गई थी, तब दो युवक उसके घर में घुसे और उसकी बेटी के साथ गलत का किया। उन्होंने बताया, घटना के बाद मेरी बेटी ने मुझे पूरी बात बताई। वह बहुत डरी हुई थी।
पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही रहुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी राहुल रविदास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि पीड़िता को बेहतर इलाज के लिए बिहार शरीफ के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि हमने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।