मुनमुन सेन के पति भारत देव वर्मा का निधन, बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने जताया दुख

अभिनेत्री मुनमुन सेन के पति और राइमा सेन व रिया सेन के पिता, भारत देव वर्मा का आज 19 नवंबर को कोलकाता में निधन हो गया। उन्होंने सुबह करीब नौ बजे अपने हैरिंगटन स्ट्रीट स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण दक्षिण कोलकाता के एक निजी अस्पताल से एंबुलेंस बुलाई गई थी, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया। भारत देव वर्मा त्रिपुरा के राजघराने से ताल्लुक रखते थे। उनकी मां इला देवी कूच बिहार की राजकुमारी और जयपुर की महारानी गायत्री देवी की बड़ी बहन थीं। राजसी पृष्ठभूमि होने के बावजूद उन्होंने सादगी भरा जीवन जिया।
मुनमुन सेन के साथ विवाह के बाद वे परिवार और अपनी बेटियों के प्रति समर्पित रहे। भारत देव वर्मा ने रितुपर्णो घोष और दीप्ति नवल के साथ फिल्म *मेमोरीज इन मार्च* में अभिनय भी किया था, जहां उन्होंने अपने संवेदनशील अभिनय से पहचान बनाई। उनके निधन की खबर से परिवार और प्रशंसकों को गहरा आघात पहुंचा है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे उनके बड़े शुभचिंतक थे और उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। ममता बनर्जी ने सुबह उनके बालीगंज स्थित आवास पर जाकर परिवार को सांत्वना दी। इस दौरान रिया सेन मौजूद थीं, जबकि मुनमुन सेन और राइमा सेन दिल्ली से कोलकाता पहुंच रही थीं। भारत देव वर्मा का निधन उनके परिवार और करीबियों के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके जीवन की राजसी पृष्ठभूमि, सादगी और फिल्मी योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।