पटना एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान में तकनीकी खराबी, राज्यपाल भी रहे फंसे

पटना हवाई अड्डे पर इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान में तकनीकी खराबी की वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फ्लाइट नंबर 6E 587 के पहिए में पंक्चर हो गया, जिससे विमान रनवे पर रुक गया और यात्रियों को 30 मिनट से ज्यादा इंतजार करना पड़ा। इस विमान में बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर भी सवार थे, जो पटना से चेन्नई जा रहे थे।हालांकि, कुछ देर बाद विमान की तकनीकी टीम ने इसे ठीक किया और उड़ान भरने के लिए तैयार कर लिया। कुल 175 लोग, जिसमें क्रू सदस्य भी शामिल थे, विमान में सवार थे। राज्यपाल और बाकी यात्री थोड़ी देर इंतजार करने के बाद राहत महसूस कर पाए।
यह पहली बार नहीं है जब राज्यपाल को फ्लाइट में गड़बड़ी का सामना करना पड़ा है। कुछ दिन पहले जब वे चंडीगढ़ जा रहे थे, तब भी तकनीकी खराबी के कारण उन्हें ढाई घंटे से ज्यादा समय तक पटना एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा था।हालांकि, यह इंडिगो एयरलाइंस के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि पिछले दस दिनों में उनकी फ्लाइट्स में तकनीकी खराबी के तीन मामले सामने आ चुके हैं, जिससे यात्रियों को असुविधा हुई है।