दो दिन बाद यूपी में ठंड का कहर, कोहरे के साथ गिरेगा तापमान

नवंबर के दूसरे सप्ताह के अंत में भी उत्तर प्रदेश में अपेक्षित ठंडक का अहसास नहीं हो रहा है। आमतौर पर इस समय तक हल्की सर्दी शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार गर्मी का प्रभाव बरकरार है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इसका मुख्य कारण इस बार पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय न होना है, जिससे पूरे क्षेत्र में मौसम शुष्क बना हुआ है। पूर्वी हवा के चलते वातावरण में नमी बनी हुई है और तेज धूप के कारण दिन में गर्मी महसूस हो रही है।
लखनऊ में 4 नवंबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो पिछले 21 वर्षों में सबसे अधिक है। इसी प्रकार, प्रयागराज में 35 डिग्री सेल्सियस का तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक है। हालांकि, आने वाले दिनों में पश्चिमी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के अनुसार, 15 नवंबर के बाद पूर्वी हवाओं में कमी आने से रात का तापमान 2 डिग्री तक गिर सकता है और इससे हल्की सर्दी का अहसास बढ़ेगा।
लखनऊ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से अधिक है। सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध छाई रही, लेकिन दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस हुई। बुधवार को भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है, जिसमें अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।