अमेठी: प्रेमी पर बलात्कार का आरोप, लड़की पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव; थाने में फूट-फूट कर रोई पीड़िता

फूट-फूट कर रोई पीड़िता
उत्तर प्रदेश के अमेठी में एक हैरान करने वाली घटना हुई है| यहां समुदाय विशेष का एक युवक 18 साल की लड़की को शादी का झांसा देकर भगा ले गया| करीब एक महीने तक उसके साथ रेप किया और अब घर लौट कर घर आया तो उसके ऊपर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने लगा| आरोपी के चंगुल से छूट कर पुलिस के पास पहुंची पीड़िता ने अपने साथ हुए अत्याचारों के लिए न्याय की गुहार की है| पुलिस ने भी पीड़िता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है|
मामला अमेठी के रामगंज थाना क्षेत्र के ढेमा बाजार का है| यहां रहने वाली पीड़ित युवती ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि आरोपी युवक भी यहीं का रहने वाला है| पीड़िता के मुताबिक कुछ दिन पहले आरोपी उसे बहला फुसला कर घर से भगा ले गया था| करीब एक महीने तक आरोपी ने उसके साथ रेप किया और अब उसे लेकर घर लौटा तो अपने घरवालों के साथ मिलकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने लगा है| पीड़िता ने बताया कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी|
आरोपी के घर से भागकर किसी तरह अपने घर पहुंची पीड़िता
इस बीच मौका पाकर युवती शौच के बहाने घर से निकली और भागकर अपने माता पिता के घर आ गई| यहां उसने अपना दर्द अपनी मां के सामने बयां किया और फिर परिजनों के साथ पुलिस के पास पहुंची| यहां पीड़िता ने आरोपी और उसके घर वालों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है| इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है| पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसने पुलिस को एक महीने पहले ही शिकायत दी थी, लेकिन अब तक पुलिस मामले की जांच के नाम पर उसे दौड़ाती रही है| पुलिस ने अब केस दर्ज किया है|