कांग्रेस की पहली सूची पर बरोदा सीट पर घमासान, कपूर सिंह नरवाल की बगावत!

कपूर सिंह नरवाल की बगावत
कांग्रेस की पहली सूची जारी होने के बाद बरोदा हल्के में घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस ने बरोदा सीट पर इंदु राज भालू को फिर से प्रत्याशी बनाया है। टिकट न मिलने के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता कपूर सिंह नरवाल ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। कपूर सिंह नरवाल कांग्रेस को जल्द ही अलविदा कह सकते हैं। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा ने उनके साथ नहीं, बल्कि बरोदा की जनता के साथ धोखा किया है, और इसका जवाब जनता ही देगी।
बरोदा सीट पर टिकट देने को लेकर कपूर सिंह नरवाल के पक्ष में महापंचायत हुई थी, जिसमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा से बरोदा सीट पर कपूर सिंह नरवाल को टिकट देने की मांग उठाई गई थी। अब टिकट न मिलने के बाद कांग्रेस में घमासान इस स्तर पर पहुंच गया है कि कपूर सिंह नरवाल ने अपने आवास पर बरोदा की जनता को आमंत्रित किया है और घोषणा की है कि जनता की इच्छानुसार ही पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया जाएगा।
कपूर सिंह नरवाल ने कहा कि बरोदा हल्के के लोगों ने पहले ही उन्हें चेतावनी दी थी कि भूपेंद्र हुड्डा अपने वादों पर खरे नहीं उतरेंगे और उन्हें मजबूत फैसला लेने की सलाह दी थी। कपूर सिंह ने यह भी कहा कि उस समय भूपेंद्र सिंह हुड्डा की बात का मान रखते हुए उन्होंने कोई बड़ा कदम नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेंद्र और दीपेंद्र हुड्डा ने 2024 के चुनाव में टिकट देने का वादा किया था, लेकिन उन्हें इस धोखे की कोई उम्मीद नहीं थी। यह धोखा केवल कपूर सिंह नरवाल के साथ नहीं, बल्कि समूचे बरोदा हल्के के लोगों के साथ है।
उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लोग उन्हें वचन का आदमी मानते थे, लेकिन हुड्डा ने अपने वादे पूरे नहीं किए। अब जनता ही इसका जवाब देगी। कपूर सिंह नरवाल ने कहा कि अगर उनके साथ ऐसा धोखा किया गया है, तो दूसरों के साथ क्या हो सकता है। उन्होंने आगामी रणनीति के बारे में बताया कि हलके के लोगों से बातचीत के आधार पर निर्णय लिया जाएगा और बरोदा की जनता को अपने आवास पर भी आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि कल की महापंचायत के दौरान पार्टी छोड़ने का फैसला जनता की आवाज के आधार पर लिया जाएगा और जनता के निर्णय को मानते हुए ही कदम उठाएंगे।