सिंहस्थ 2028 के लिए 2000 करोड़ का बजट! उज्जैन को मिलेगा नया रूप?
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार में उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश किया। इस बजट में सिंहस्थ महाकुंभ 2028 और उज्जैन के विकास के लिए 2000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
वित्त मंत्री ने अपने भाषण में स्पष्ट किया कि सिंहस्थ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक अवसर है, जिसके लिए उज्जैन में एयर स्ट्रिप को एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा, श्रीकृष्ण पाथेय योजना के तहत 10 करोड़ का बजट प्रस्तावित किया गया है और उज्जैन-जावरा 4-लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा।
उज्जैन में बनेगा डीप-टेक रिसर्च एंड इनक्यूबरी कैम्पस!
उज्जैन में IIT इंदौर के सहयोग से डीप-टेक रिसर्च एंड इनक्यूबरी कैम्पस की स्थापना की जाएगी। सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में प्रदेश के हर संभाग में टेक्नोलॉजी संस्थान खोलना है।
इसके अतिरिक्त, मध्य प्रदेश में डिजिटल यूनिवर्सिटी और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी।
उज्जैन-जावरा 4-लेन से जुड़ेगा 8-लेन कॉरिडोर!
प्रदेश में रोड नेटवर्क, एक्सप्रेस-वे, मेट्रो और एलिवेटेड कॉरिडोर जैसी योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। उज्जैन-जावरा 4-लेन बनने से उज्जैन, इंदौर और आसपास के क्षेत्र सीधे मुंबई-दिल्ली 8-लेन कॉरिडोर से जुड़ जाएंगे।
इसके अलावा, 1692 करोड़ रुपए की लागत से उज्जैन-इंदौर 6-लेन सड़क का भूमिपूजन भी किया जा चुका है।
अखाड़ा परिषद का दावा – सिंहस्थ महाकुंभ के लिए 10,000 करोड़ की जरूरत!
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज ने सिंहस्थ महाकुंभ के लिए सरकार द्वारा प्रस्तावित 2000 करोड़ रुपए के बजट पर प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की संख्या 40 करोड़ तक पहुंच सकती है, इसलिए पूरे आयोजन को सुचारु रूप से चलाने के लिए 10,000 करोड़ रुपए की आवश्यकता होगी। उन्होंने आशा जताई कि सरकार आने वाले समय में बजट को और बढ़ाएगी।
सिंहस्थ केवल मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि विश्व के लिए प्रतिष्ठा का विषय – वित्त मंत्री
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने अपने बजट भाषण में कहा कि सिंहस्थ महापर्व केवल मध्य प्रदेश का नहीं, बल्कि विश्व का प्रतिष्ठित आयोजन है।
इस आयोजन के लिए कई अधोसंरचनात्मक विकास कार्य किए जाएंगे, जिनमें प्रमुख रूप से उज्जैन की हवाई पट्टी को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में बदलना शामिल है।
सिंहस्थ के लिए प्रस्तावित बड़े विकास कार्य:
85 करोड़ – काल भैरव मंदिर से भैरवगढ़ जेल और सिद्धवट से अंगारेश्वर तक ब्रिज निर्माण
259 करोड़ – हरी फाटक ब्रिज का चौड़ीकरण
50 करोड़ – हरी फाटक से महाकाल लोक तक अंडरपास
99 करोड़ – लालपुर से चिंतामन गणेश रेलवे स्टेशन तक 4-लेन मार्ग
58 करोड़ – इंदौर रोड से चिंतामन रेलवे स्टेशन तक MR-24 मार्ग
17 करोड़ – मकोडियाआम से सांदीपनि आश्रम मार्ग