UP: ब्यूटी पार्लर में दुल्हन की हार्ट अटैक से मौत निकली अफवाह, सच सामने आया तो चौंक गए लोग

UP: ब्यूटी पार्लर में दुल्हन की हार्ट अटैक से मौत निकली अफवाह, सच सामने आया तो चौंक गए लोग

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में शादी के लिए ब्यूटी पार्लर में सजने संवरने गई दुल्हन के हार्ट अटैक से मौत की खबर झूठी निकली है। दुल्हन को अटैक नहीं आया था। वह फरार हो गई थी। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने महिला डॉक्टर और एक अन्य को हिरासत में ले लिया है।

दरअसल, मुजफ्फरनगर जिले में शादी से कुछ घंटे पहले ब्यूटी पार्लर में सजने गई दुल्हन होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. सुषुम्ना शर्मा को दिल का दौरा पड़ने की खबर ने सबको सन्न कर दिया।

परिजन गंभीर हालत में मेरठ लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। दुल्हन की मौत की खबर से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मैरिज होम में ताला लग गया। दूल्हे के घर लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना पर पुलिस ने जांच की, कुछ घंटे बाद ही कुछ और मामला निकाल। पुलिस जांच में पता चला कि दुल्हन अपनी एक महिला मित्र के साथ चली गई थी और मौत की झूठी खबर फैला दी। फिलहाल पुलिस ने दोनों को झांसी से बरामद कर लिया है।

शहर के शांतिनगर निवासी प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. भारत भूषण के बेटे डॉ. विजय भूषण की शादी झांसी के प्रसिद्ध योगाचार्य अविनाश की पुत्री डॉ. सुषुम्ना शर्मा के साथ मंगलवार रात भोपा रोड स्थित नाथ फार्म्स में होनी थी। दोनों पक्ष एकत्र हो गए थे।

घर में खुशी का माहौल था। शाम के समय दुल्हन बनी डॉक्टर शहर के ब्यूटी पार्लर में सजने संवरने चली गई। कुछ देर बाद परिजनों ने लड़के वालों का बताया कि डॉ. सुषुम्ना को दिल का दौरा पड़ा है, उसे इलाज के लिए मेरठ ले जाया जा रहा है।

इस खबर को सुनकर सब मायूस हो गए। मैरिज होम में आए बराती और रिश्तेदार सब चले गए। कुछ देर बाद युवती पक्ष ने युवक पक्ष को बताया कि मेरठ ले जाते समय डॉ. सुषुम्ना की मौत हो गई। वे उसे मेरठ से ही झांसी ले जा रहे हैं। वर पक्ष के लोग भी शहर से झांसी के लिए रवाना हो गए।

बुधवार को पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि डॉ. सुषुम्ना की मौत नहीं हुई है। वह ब्यूटी पार्लर से ही अपनी एक महिला मित्र के साथ झांसी चली गई है। वह यह शादी नहीं करना चाहती थी। वह अपनी सहेली के साथ ही रहना चाहती है। रात को ही दोनों को मध्य प्रदेश के मुरैना से बरामद कर लिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों