अरविंद राजभर की अखिलेश यादव को नसीहत
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर अपने बयानों से आए दिन चर्चा में रहते हैं। अब उनके बेटे और पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर ने अखिलेश यादव को नसीहत दी है। गाजीपुर के सैदपुर में बुधवार शाम कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे अरविंद राजभर ने कहा कि जो चीज परंपरागत तरीके से चल रही है, अखिलेश को उसपर टिप्पणी नहीं करना चाहिए।
अरविंद राजभर ने कहा कि बीते दिनों अखिलेश यादव ने कहा था कि जितने पापी हैं, वे सभी वहां जाकर कुंभ में स्नान कर रहे हैं। इसके दूसरे दिन देखा कि अखिलेश यादव का ट्विटर पर एक पोस्ट पड़ा हुआ था, गंगा नदी में नहाते हुए। अरविंद राजभर ने पूछा कि वे पाप कौन से थे जो अखिलेश यादव के माथे पर थे।
अरविंद राजभर ने कहा कि कुंभ का आयोजन अखिलेश की सरकार में भी हुआ था। लेकिन दुर्भाग्यवश, उन्होंने आजम खान को इसका प्रभारी बना दिया। मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में महाकुंभ का भव्य आयोजन परंपरागत और व्यवस्थित तरीके से हो रहा है। इसमें अखिलेश को साथ देना चाहिए।