मध्य प्रदेश मौसम अपडेट: जाने कैसा है पूरे राज्य का मौसम, कहाँ हुई तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट
MPWeather: मध्य प्रदेश में तापमान में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल रहा है। कुदरत के अनोखे खेल ने मध्य प्रदेश के मंडला में सबसे अधिक और पंचमढ़ी में सबसे कम तापमान दर्ज किया। एमपी के कई शहरों में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो रही है, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिली है।
मध्य प्रदेश मौसम विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टर वेद प्रकाश सिंह के अनुसार, अब सूर्य उत्तरायण की ओर बढ़ रहा है। इसी कारण तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो रही है। मंडला में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि मध्य प्रदेश में सबसे अधिक है। वहीं, मंडला में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रहा।
पंचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश के जिलों का अधिकतम तापमान:
उज्जैन, खरगोन, नर्मदा पुरम, इंदौर और खंडवा में 27 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बैतूल, भोपाल, गुना, ग्वालियर, रतलाम, शिवपुरी, सिवनी और मालवा में 25 से 26 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। दमोह, जबलपुर, खजुराहो, नरसिंहपुर, सागर, सतना, टीकमगढ़ और उमरिया में 23 से 24 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश के जिलों में न्यूनतम तापमान:
नर्मदा पुरम, खंडवा और खरगोन में न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस रहा। बैतूल, धार, गुना, इंदौर और सीधी में 7 से 8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। भोपाल, ग्वालियर, रायसेन, रतलाम, उज्जैन, छिंदवाड़ा, जबलपुर, खजुराहो और नयागांव में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। राजगढ़ और उमरिया में न्यूनतम तापमान लगभग 4 डिग्री सेल्सियस रहा।