पूर्व विधायक हरवंश सिंह राठौर के घर आयकर छापेमारी: मगरमच्छ और सोने की बरामदगी
सागर: बंडा से पूर्व विधायक हरवंश सिंह राठौर के घर पर आयकर विभाग ने छापेमारी की है। इस छापेमारी में बड़ी मात्रा में काली कमाई का खुलासा हुआ है। छापेमारी के दौरान उनके घर में तीन मगरमच्छ पाए गए, जिससे आयकर विभाग के अधिकारी हैरान रह गए। इसके अलावा, 14 किलो सोना भी बरामद हुआ है। इस घटना के बाद से हरवंश सिंह राठौर चर्चा में हैं। हालांकि, उन्होंने इस मामले पर चुप्पी साध रखी है।
कौन हैं हरवंश सिंह राठौर:
हरवंश सिंह राठौर सागर में बीजेपी के बड़े नेता हैं। वह 2013 से 2018 तक बंडा विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं। 2018 में वह बंडा से चुनाव हार गए थे। 2023 विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिला था। इसके साथ ही हरवंश सिंह राठौर दो बार जिला पंचायत के अध्यक्ष भी रहे हैं। उनके पिता हरनाम सिंह राठौर मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री रहे हैं।
आयकर विभाग की छापेमारी:
आयकर विभाग ने टैक्स चोरी के मामले में राठौर के घर और उनसे जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 14 किलो सोना की बरामदगी हुई। आयकर विभाग उसकी जांच कर रही है। साथ ही 144 करोड़ रुपए से अधिक की टैक्स चोरी का खुलासा हुआ है।
घर से मिले तीन मगरमच्छ:
आयकर विभाग की टीम उस वक्त हैरान रह गई, जब उन्होंने राठौर के घर के एक हिस्से में तीन मगरमच्छ देखे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। लोग बताते हैं कि पूर्व में इस जगह पर और भी जानवर होते थे। हालांकि अब उनकी संख्या कम हो गई है।
राजसी ठाठ:
पूर्व विधायक हरवंश सिंह राठौर के सोशल मीडिया अकाउंट पर राजसी ठाठ की झलक देखने को मिलती है। उन्होंने कई ऐसी तस्वीरें साझा की हैं, जिसमें उनके घर की दीवारों पर हिरण की खोपड़ी और बाघ की खाल लगी हुई है। यह साफ नहीं है कि यह असली हैं या बनावटी।
बड़ा कारोबारी परिवार: हरवंश सिंह राठौर का परिवार बीड़ी, रियल एस्टेट, शराब और अन्य कारोबार से जुड़ा हुआ है। वह जंगल में शिकार के लिए भी जाते रहे हैं। आयकर की इतनी बड़ी कार्रवाई के बावजूद हरवंश सिंह राठौर ने चुप्पी साध रखी है।
रविवार को शुरू हुई थी छापेमारी: छापेमारी के दौरान राठौर के घर से सात बेनामी कारें और तीन करोड़ रुपए से अधिक कैश भी मिला है। घर से मिली चीजों और दस्तावेजों की जांच आयकर विभाग की टीम कर रही है।