मध्य प्रदेश में ठंड ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, पचमढ़ी में तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस
भोपाल: मध्य प्रदेश में ठंड ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पचमढ़ी में तापमान 1 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच गया, जहां न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजगढ़ में 1.6 डिग्री, शाजापुर में 2 डिग्री, सीहोर में 2.7 डिग्री, और भोपाल में 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कड़ाके की सर्दी महसूस की गई है।
उत्तर भारतीय राज्यों से आ रही बर्फीली हवाओं ने प्रदेश में ठिठुरन की स्थिति निर्मित कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक-दो दिनों तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है, हालांकि 10 जनवरी के बाद तेज ठंड से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।
घने कोहरे और शीत लहर का असर भोपाल, शाजापुर, राजगढ़ और सीहोर में देखा गया। रतलाम, सिवनी मालवा और नीमच में भी शीत लहर का प्रभाव दिखाई दिया। ग्वालियर में दृश्यता घटकर 100 मीटर तक रह गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 10 जनवरी तक प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। 10 जनवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में पहुंच सकता है, जिसके प्रभाव से एमपी के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश भी हो सकती है।