Bihar Weather: पछुआ हवाओं से ठंड बढ़ी, कई जिलों में येलो अलर्ट

IMG_2237

बिहार में इस समय कड़ाके की सर्दी का सामना हो रहा है, जहां दिन और रात के तापमान में मात्र दो डिग्री का फर्क रह गया है। इसके चलते ठंड और ठिठुरन बढ़ गई है। घने कुहासे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर बड़ा असर पड़ा है। कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि कई उड़ानें भी देरी से उड़ रही हैं। हालांकि, कुछ राहत के रूप में हल्की धूप नजर आई है, लेकिन ठंड और सर्द हवाओं का असर अभी भी जारी है।

बिहार में पछुआ हवाओं के चलते तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। इसके कारण 12 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिनमें येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक कुमार गौरव के अनुसार, फिलहाल ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। 9 जनवरी को सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया, मुंगेर, बांका और जमुई जिलों के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा रहेगा। बाकी सभी 26 जिलों में मध्यम स्तर का कुहासा रहेगा। बिहार मौसम सेवा केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, आज न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है, हालांकि इसके बाद तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। रात का तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस वक्त एक पश्चिमी विक्षोभ 5.8 किलोमीटर की ऊचाई पर स्थित है, साथ ही दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और भूमध्य रेखीय हिंद महासागर में चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा, समुद्र तल से 12.5 किलोमीटर ऊपर 145 नॉट की गति से जेट स्ट्रीम चल रही है। इन मौसमीय गतिविधियों के प्रभाव से बिहार के उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है, जबकि बाकी हिस्सों में हल्का कोहरा देखा जा रहा है। फिलहाल तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है और ठंड का यह सिलसिला जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों