कांग्रेस नेता की पहल: प्रदर्शन में कार्यकर्ता की मौत पर दर्ज कराया बयान

कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत के मामले में प्रदेश अध्यक्ष ने सोमवार को हुसैनगंज थाने में बयान दर्ज करवाया है। मामले की जांच एसआईटी कर रही है।
यूपी विधानसभा के घेराव के दौरान एक कांग्रेस कार्यकर्ता की हुई मौत मामले में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सोमवार को लखनऊ के हुसैनगंज थाने में पहुंचे और अपना बयान दर्ज करवाया। बीते मंगलवार को कांग्रेस ने यूपी विधानसभा के घेराव के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वन किया था। प्रदर्शन के दौरान गोरखपुर के एक युवा कार्यकर्ता प्रभात पांडेय की मौत हो गई थी। मामले में सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष ने बयान दर्ज करवाया। इस मौके पर उनके साथ सांसद किशोरी लाल शर्मा, सांसद राकेश राठौर, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, निवर्तमान प्रदेश महासचिव प्रभारी संगठन अनिल यादव भी कोतवाली पहुंचे।
इसके पहले शुक्रवार को पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान वादी और प्रभात के चाचा मनीष पांडेय भी मौजूद रहे। पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय में सील किए गए कमरा नंबर 30 को खोला और कर्मचारियों से पूछताछ की। दफ्तर के कर्मचारियों ने बताया कि प्रभात को परेशानी होने पर कमरे में गद्दे पर लिटाया गया था। पुलिस ने सभी के बयान दर्ज किए। मामले की जांच एसआईटी कर रही है।
शुक्रवार को पुलिस ने मनीष से प्रभात का फोन अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस प्रभात के मोबाइल फोन का डाटा खंगाल रही है। मैसेज और चैट की मदद से यह पता लगाया जा रहा है कि वह किसके कहने पर कांग्रेस दफ्तर गए थे। अभी तक की पड़ताल में पुलिस प्रदर्शन मे बुलाने वाले के बारे में पता नहीं लगा सकी है।
यह है मामला
प्रदर्शन में आए प्रभात बुधवार शाम को कांग्रेस दफ्तर में बेहोश मिले थे। सिविल अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। प्रभात के चाचा गोमतीनगर के विज्ञान खंड निवासी मनीष ने हुसैनगंज थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रभात एमिटी यूनिवर्सिटी के सामने पीजी में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे।