प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी आज,एमएसपी 2300 रुपए प्रति क्विंटल, शिकायत के लिए नंबर जारी

IMG_1822

प्रदेश में खरीफ विपणन मौसम 2024-25 के तहत धान की खरीदी 2 दिसंबर से शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 20 जनवरी 2025 तक जारी रहेगी। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि धान का उपार्जन प्रत्येक सप्ताह सोमवार से शुक्रवार तक किया जाएगा। कॉमन धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 रुपये और ग्रेड-ए धान का 2320 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। किसानों की एफएक्यू गुणवत्ता की उपज इन्हीं दरों पर खरीदी जाएगी।

 

45 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन

 

केंद्र सरकार की निर्धारित सीमा के अनुसार इस वर्ष समर्थन मूल्य पर 45 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जाएगी। उपार्जन केंद्रों पर धान की गुणवत्ता का परीक्षण गुणवत्ता सर्वेयर द्वारा किया जाएगा। परिवहन में देरी करने वाले परिवहनकर्ताओं पर साप्ताहिक पेनाल्टी लगाने का प्रावधान भी किया गया है। किसानों को धान बिक्री का भुगतान उनके आधार से लिंक बैंक खाते में किया जाएगा।

 

अवैध बिक्री रोकने के निर्देश

 

धान उपार्जन अवधि के दौरान पड़ोसी राज्यों से अवैध बिक्री रोकने के लिए कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए उपार्जन केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

 

तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए तकनीकी सेल

 

पंजीयन और उपार्जन के दौरान तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु जिला और राज्य स्तर पर तकनीकी सेल का गठन किया गया है। जिला स्तरीय समिति उपार्जन संबंधी विवादों का निपटारा और खाद्यान्न की गुणवत्ता पर निगरानी करेगी। राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 0755-2551471 है। यह कंट्रोल रूम सुबह 9 बजे से रात 7 बजे तक संचालित रहेगा।

 

धान उपार्जन की प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए यह कदम उठाए गए हैं, जिससे किसानों को समय पर भुगतान और उचित मूल्य सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों