झारखंड चुनाव 2024, पाकुड़ को छोड़कर, 17 सीटों पर BJP और JMM का होगा जबरदस्त मुकाबला

झारखंड के संताल परगना की 18 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को होने वाला चुनाव बेहद दिलचस्प होने वाला है। इस बार के चुनाव में कई सीटों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा, खासकर पाकुड़ विधानसभा में जहां त्रिकोणात्मक संघर्ष हो सकता है। इस सीट पर कांग्रेस, सपा और आजसू के बीच मुकाबला है। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने यहां बड़ी जीत हासिल की थी, और इस बार भी कांग्रेस की स्थिति मजबूत मानी जा रही है, क्योंकि पाकुड़ में 70% मुस्लिम वोटर हैं।
सांथ ही, संताल परगना की कई अन्य सीटों पर भी जंग रोमांचक होगी। देवघर में भाजपा और राजद के बीच कड़ा मुकाबला है। भाजपा ने यहां से नारायण दास को प्रत्याशी बनाया है, जो पिछले दो चुनावों में जीत चुके हैं। हालांकि राजद ने अपनी ताकत झामुमो और कांग्रेस के समर्थन से बढ़ाई है। सारठ में भाजपा के रंधीर सिंह और झामुमो के उदय शंकर सिंह के बीच टक्कर है। रंधीर सिंह भाजपा के मजबूत प्रत्याशी हैं, लेकिन राजद और कांग्रेस के समर्थन से उदय शंकर सिंह को फायदा हो सकता है।
मधुपुर में झामुमो के हफीजुल हसन और भाजपा के गंगाधर सिंह के बीच मुकाबला है। यहां 2021 में उपचुनाव में केवल पांच हजार वोटों का अंतर था, जिससे इस सीट पर भी कांटे की टक्कर की संभावना है। गोड्डा में भाजपा के अमित मंडल और राजद के संजय यादव के बीच कड़ी जंग देखने को मिल सकती है। भाजपा आदिवासी, यादव और मुस्लिम वोटरों को आकर्षित करने की कोशिश कर रही है।
महागामा में कांग्रेस की दीपिका पांडेय सिंह और भाजपा के अशोक कुमार के बीच मुकाबला है, जबकि पोड़ैयाहाट में कांग्रेस के प्रदीप कुमार यादव और भाजपा के देवेंद्र नाथ सिंह की टक्कर होगी। बरहेट सीट पर झामुमो के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और भाजपा के गमालियल हेम्ब्रम के बीच एक दिलचस्प मुकाबला हो सकता है। वहीं, लिट्टीपाड़ा में झामुमो के हेमलाल मुर्मू और भाजपा के बाबुधन मुर्मू के बीच कांटे की लड़ाई होगी।
इसी तरह, अन्य सीटों जैसे महेशपुर, दुमका, शिकारीपाड़ा, जामा, जरमुंडी और जामताड़ा पर भी कड़ा मुकाबला है। इन सभी सीटों पर प्रमुख पार्टियां अपनी पूरी ताकत झोंक रही हैं और कोई भी पार्टी जीत को लेकर निश्चित नहीं है। 2024 के चुनाव में संताल परगना की सीटों पर जनादेश काफी निर्णायक होगा, क्योंकि इस क्षेत्र में आदिवासी और मुस्लिम वोटर्स की अहम भूमिका है।