झारखंड चुनाव 2024: योगी-सरमा पर लालू का तीखा हमला, बोले – ‘हवा में उड़ जाएंगे दोनों’

IMG_1516

झारखंड में विधानसभा चुनाव का माहौल गरमा गया है, और इस दौरान नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। रविवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झारखंड में रैली करते हुए हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा। असम के मुख्यमंत्री सरमा ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पर आरोप लगाया कि वे वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये घुसपैठिये स्थानीय लड़कियों से शादी कर, जमीन हड़प रहे हैं, और उनकी पार्टी इसका विरोध करेगी।

 

उधर, हजारीबाग में एक रैली में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के पक्ष में वोट देने का आग्रह किया। उन्होंने लोगों से जाति, क्षेत्र, और भाषा के नाम पर बंटने से बचने की अपील करते हुए कहा, “देश का इतिहास गवाह है कि जब भी हमें बांटा गया है, नुकसान हमने ही उठाया है। हमें एकजुट रहकर प्रधानमंत्री मोदी की नीति के अनुसार काम करना चाहिए।”

 

आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने इन बयानों का तीखा जवाब दिया। उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि असम के मुख्यमंत्री और योगी आदित्यनाथ की बातें हवा में उड़ जाएंगी और महागठबंधन की जीत सुनिश्चित होगी। प्रधानमंत्री मोदी के झारखंड में रोड शो पर टिप्पणी करते हुए लालू ने कहा कि इससे चुनाव परिणाम पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

 

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी भाजपा पर पलटवार किया। उन्होंने भाजपा के “बंटेंगे तो कटेंगे” नारे की आलोचना करते हुए कहा कि झारखंड में भाजपा को चुनावी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने इसे लेकर आयकर विभाग के छापों पर भी सवाल उठाए और कहा, “यहां न तो बंटे हैं, न बटेंगे, लेकिन चुनाव में भाजपा को अवश्य ही हराया जाएगा।”

 

हिमंत बिस्वा सरमा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए दावा किया कि भाजपा भारी बहुमत से चुनाव जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो बहुत सफल रहा, और चुनावी माहौल भाजपा के पक्ष में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों