हजारीबाग: कार से तस्करी की ढाई करोड़ की अफीम और 29 लाख रुपये जब्त, चतरा का तस्कर अरेस्ट

IMG_1504

झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले हजारीबाग पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 2.5 करोड़ रुपए की अफीम और 29 लाख रुपए कैश के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर की पहचान चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के लमटा गांव निवासी विजय कुमार के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने रांची में भी छापेमारी की, जहां और भी अहम जानकारी प्राप्त हुई।

 

यह कार्रवाई हजारीबाग पुलिस को मिली गुप्त सूचना के बाद की गई। पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक कार से भारी मात्रा में अफीम दिल्ली-कोलकाता हाइवे से बिहार की ओर जा रही है। इसके बाद बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल के नेतृत्व में पुलिस ने चौपारण थाना क्षेत्र के केंदुआ मोड़ के पास वाहनों की सघन जांच की। पुलिस ने जब एक कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर कार को रुकवाया और उसमें से 16 पैकेट अफीम जब्त की।

 

गिरफ्तार तस्कर ने पुलिस को बताया कि वह खूंटी से अफीम उठाता था और पंजाब तथा हरियाणा में सप्लाई करता था। उसकी निशानदेही पर रांची में सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के जानकी नगर में छापेमारी की गई, जहां 29 लाख 3 हजार 180 रुपए कैश, एक क्रेटा कार, एक बुलेट, एक आईफोन और एक रियलमी मोबाइल बरामद हुआ। इसके अलावा, पुलिस ने पंजाब, हरियाणा और झारखंड के विभिन्न स्थानों पर भी छापेमारी की, जिसमें 48.184 किलोग्राम अफीम और अन्य सामान बरामद हुआ।

 

इस मामले में एसपी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि यह तस्कर लंबे समय से अफीम की तस्करी में लिप्त था और अफीम का उठाव खूंटी से कर पंजाब और हरियाणा में सप्लाई करने का काम कर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों