Sharda Sinha Passed Away: “शारदा सिन्हा के निधन पर शोक संदेश, जानिए अंतिम संस्कार कब और कहां होगा”

Sharda Sinha Passed Away: बिहार की लोकगायिका और पद्म भूषण सिंगर शारदा सिन्हा अब इस दुनिया में नहीं रही हैं। बीते सोमवार उन्होंने दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली। सिंगर पिछले 15 दिनों से बीमार चल रही थीं। उनका इलाज दिल्ली के एम्स अस्पताल में चल रहा था। वहीं बीते सोमवार पीएम मोदी ने भी उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। वहीं उनके बेटे अंशुमन सिन्हा ने इस दुखद खबर की जानकारी दी। शारदा सिन्हा कुछ दिनों से वेंटिलेटर पर थीं। उनके निधन की खबर से फैंस का दिल टूट गया है।
कहां और कब अंतिम संस्कार?
छठ पूजा के पहले ही दिन सिंगर हमारे बीच नहीं रहीं। वहीं उनके गीत आज भी हमारे दिलों में जिंदा हैं। शारदा सिन्हा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ पटना में किया जाएगा। इस बात की जानकारी बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने दी है। आज यानी 6 नवंबर को गायिका के शव को 9:40 की फ्लाइट से दिल्ली से पटना ले जाया जाएगा।
ब्लड कैंसर से जूझ रही थीं सिंगर
शारदा सिन्हा छह साल से ब्लड कैंसर से जूझ रही थीं। वहीं हाल ही में छठ के मौके पर उनके यूट्यूब चैनल पर ऑडियो सॉन्ग भी रिलीज किया गया था। उनके निधन से हर किसी को सदमा लगा है। छठ पर्व उनके गानों के बिना अधूरा सा माना जाता है। आज जब वह छठ पर्व के मौके पर ही दुनिया को अलविदा कह गईं, इससे देशवासियों का दिल टूट गया है।
पति का भी इसी साल हुआ था निधन
बता दें शारदा सिन्हा के पति किशोर सिन्हा का भी इसी साल सितंबर में निधन हो गया था। 80 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली थी। वहीं शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमन सिन्हा ने हाल ही में गायिका की हेल्थ अपडेट भी अपने सोशल मीडिया पर शेयर की थी। उनके इलाज के बीच झूठी अफवाहें भी सोशल मीडिया पर फैल रही थीं कि गायिका का निधन हो गया है, जिनकों उनके बेटे अंशुमन ने नकार दिया था।