Jharkhand News: शिवराज का दावा, झामुमो ध्यान भटका रही; भाजपा की पहली कैबिनेट में दो लाख नौकरियों का वादा!

Jharkhand Election: झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान दो चरणों में होना है। 23 नवंबर को मतगणना के बाद सरकार गठन की तस्वीर साफ होगी। इससे पहले राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा और सत्ताधारी दल- झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के बीच बयानों के तीर चल रहे हैं। ताजा घटनाक्रम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना के बयान और उस पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पलटवार का है। मामला सीएम हेमंत सोरेन के हलफनामे में उनकी उम्र का उल्लेख किए जाने से जुड़ा है। केंद्रीय मंत्री और झारखंड में भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने कहा, भाजपा का संकल्प है कि सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में 2 लाख से अधिक खाली पदों को भरने का प्रस्ताव स्वीकृत किया जाएगा।’
झारखंड में रोजगार के लाखों नए अवसरों का सृजन होगा!
बकौल शिवराज सिंह चौहान, भाजपा की सरकार बनने पर कैलेंडर बना कर भर्तियां की जाएंगी।’ उन्होंने कहा ‘हमारा संकल्प है कि पेपर लीक की पूरी जांच होगी, गलत तरीके से आयोजित परीक्षाओं को निरस्त किया जाएगा। नौजवानों को न्याय मिलेगा। हम खाली पदों को भरने के अलावा 5 लाख और रोजगार के अवसर सृजित करेंगे।’
झामुमो को ध्यान न भटकाने और तथ्यों पर बात करने की चुनौती
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हलफनामे में गलत आयु के उल्लेख को लेकर पत्नी कल्पना सोरेन के बयान से जुड़े एक सवाल पर शिवराज ने पलटवार किया। उन्होंने पूछा, ‘हार-जीत वाली बात कहां से आ गई? विषय को भटकाएं नहीं, तथ्यों पर बात करें…तथ्यों को भटकाने की कोशिश क्यों कर रहे हैं? शिवराज ने कहा कि कल्पना सोरेन का बयान उनका अहंकार दिखाता है कि जो चाहेंगे लिख देंगे।’
भाजपा ने हेमंत की आयु पर किया सवाल
कल्पना सोरेन के बयान पर भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा, कल्पना सोरेन को भाजपा का जवाब है कि विवाद की शुरुआत हमने नहीं उनके पति ने की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 2019 में मजिस्ट्रेट के सामने शपथ ली कि उनकी उम्र 42 साल है।’ शाहदेव ने कहा, जब हेमंत सोरेन 2024 में शपथ लेंगे कि उनकी उम्र 49 साल है। तो कल्पना सोरेन के पति आइंस्टीन के सापेक्षता सिद्धांत (relativity theory) को साबित कर रहे हैं। या उसे एक नया अर्थ दे रहे हैं।
झूठ और छल का सहारा लेने का आरोप
उन्होंने पूछा कि पांच साल में कोई व्यक्ति सात साल बड़ा कैसे हो सकता है? विवाद की शुरुआत खुद हेमंत सोरेन ने की। हेमंत सोरेन की सरकार ने पांच साल तक झूठ और छल के आधार पर राज्य में सरकार चलाई। अपने राजनीतिक जीवन में एक बार फिर उन्होंने झूठ और छल का सहारा लिया है।
क्या है कल्पना का बयान?
शिवराज के पलटवार से पहले कल्पना सोरेन ने पति हेमंत की आयु से जुड़े विवाद को लेकर एक नवंबर की रात एक सवाल के जवाब में कहा, ‘क्या उम्र इतना बड़ा फैक्टर बन गया है?…मुझे लगता है कि भाजपा हेमंत सोरेन से इतनी डरी हुई है कि उन्हें कोई विषय नहीं मिल रहा है।’ कल्पना के मुताबिक भाजपा अपना भविष्य देख चुकी है। जब से उन्होंने हेमंत को जेल भिजवाया और अब वे बाहर आ चुके हैं। भाजपा हेमंत सोरेन से बुरी तरह डरी हुई है। झारखंड के लोग हेमंत सोरेन पर भरोसा करते हैं।’