चुनाव से पहले झारखंड में सियासी हलचल, JLKM और जयराम महतो

झारखंड की राजनीति में हाल के वर्षों में तेजी से उभरे जयराम कुमार महतो की पार्टी ‘झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा’ (JLKM) ने गुरुवार को 14 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। पहली सूची में छह उम्मीदवारों का नाम था, जिससे पार्टी का चुनावी मैदान में कदम रखना साफ़ हो गया है। लोकसभा चुनाव में, JLKM ने राज्य की 14 सीटों में से आठ पर उम्मीदवार उतारे थे, जिसमें से छह सीटों पर उनके प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे थे, और पार्टी को लगभग 8.50 लाख वोट मिले थे।
हाल ही में भारत निर्वाचन आयोग ने JLKM को एक राजनीतिक पार्टी के रूप में मान्यता दी है, जो उनकी बढ़ती राजनीतिक पहचान को दर्शाता है। जयराम कुमार महतो ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दूसरी सूची का ऐलान करते हुए विभिन्न विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की।
इस सूची में रांची के मांडर सीट पर गुना भगत, धनबाद की टुंडी सीट पर मोतीलाल महतो, गिरिडीह के धनवार सीट पर राजदेश रतन, गांडेय सीट पर अकील अख्तर, कोडरमा के सदर सीट पर मनोज यादव, हजारीबाग की बरही सीट पर कृष्णा यादव, बरकट्ठा में महेंद्र मंडल, हजारीबाग सदर सीट पर उदय मेहता, डालटनगंज सदर पर अनिकेत मेहता, गोड्डा सदर पर परिमल ठाकुर, धनबाद सदर पर सपन कुमार मोदक, खरसावां सीट पर पांडु राम हिब्रू, सिंदरी सीट पर उषा देवी और बोकारो सीट पर सरोज कुमारी को प्रत्याशी बनाया गया है।
इस चुनावी सूची के माध्यम से जेएलकेएम अपने प्रभाव को और मजबूत करने की कोशिश कर रहा है, और यह देखना दिलचस्प होगा कि चुनावी प्रक्रिया में पार्टी का प्रदर्शन कैसा रहता है।