बिहार में TRE-4 का इंतजार खत्म, 32388 शिक्षकों की होगी भर्ती; सीएम सम्राट ने किया एलान

पटना। बिहार में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) की प्रक्रिया अब औपचारिक रूप से आगे बढ़ गई है।
शिक्षा विभाग ने 32,388 शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को अपने एक्स (X) हैंडल पर इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे बिहार के युवाओं के लिए एक और ऐतिहासिक सौगात बताया।
मुख्यमंत्री बोले-यह युवाओं के लिए ऐतिहासिक सौगात
उन्होंने कहा कि यह कदम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, युवाओं को रोजगार और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि TRE-4 के तहत प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक कुल 32,388 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इनमें सबसे अधिक 16,101 पद कक्षा 11-12 के लिए निर्धारित किए गए हैं।
