दिल्ली में बढ़ेगी सर्दी की ठिठुरन, घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी; हल्की बारिश की संभावना

राजधानी में दो दिन बाद सोमवार को लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया। दिन में लोगों को ठंड से राहत मिली, जबकि सुबह-शाम ठंड सता रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है।
ऐसे में सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर घना कोहरा व कुछ स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा। वहीं, शाम व रात में हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 09 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
मौसम विभाग ने बुधवार और बृहस्पतिवार को हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। इसके लिए विभाग ने बारिश के साथ कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी है। ऐसे में ठंड बढ़ सकती है। उधर, सोमवार को सुबह ठंड के बाद दिन में अच्छी धूप खिली। इससे लोगों को दोपहर में ठंड के साथ कोहरे से राहत मिली। ऐसे में लोगों ने धूप का आनंद लिया, लेकिन शाम को अच्छी-खासी ठंड का अहसास हुआ।