दिल्ली-NCR में बढ़ी सर्दी: अगले दो दिन होगी बारिश, यलो अलर्ट जारी

दिल्ली-एनसीआर में नए साल की शुरुआत से ही सर्दी का सितम जारी है। ठंडी हवाएं शीतलहर जैसा अहसास करा रही हैं। इस कारण बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान भी तीन डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। मौसम विभाग ने 3 व 4 जनवरी को घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 5 व 6 जनवरी को बारिश की संभावना जताई है।सुबह घने कोहरे ने वाहन चालकों को परेशान किया। धूप देर से निकली, लेकिन तपिश कम होने से लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 16.2 और न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिल्ली में सबसे ठंडा पालम रहा जहां अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज हुआ। पालम में दृश्यता सुबह 6 बजे शून्य थी। मौसम विभाग का कहना है कि 3 से 7 जनवरी तक अधिकतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं।