भूपेंद्र चौधरी का बड़ा बयान, कश्मीर में बदलाव और यूपी की स्थिति पर बोले प्रदेश अध्यक्ष

भा.ज.पा. के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने बागपत रोड स्थित हरमन सिटी में पार्टी के जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यशाला में पार्टी की उपलब्धियों और योजनाओं पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि धारा 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमलों में कमी आई है, जो देश की सुरक्षा नीति की सफलता को दर्शाता है। इसके साथ ही, उन्होंने मेक इन इंडिया पहल की सराहना करते हुए कहा कि इसके चलते भारत के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में वृद्धि हुई है।
उन्होंने डिजिटल क्रांति का उल्लेख करते हुए कहा कि यूपीआई (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) के माध्यम से डिजिटल लेन-देन में भारत पहले स्थान पर है। इसके अलावा, भाजपा के पास देशभर में 12 करोड़ प्राथमिक सदस्यों का डिजिटल डेटा है, जिसमें उत्तर प्रदेश में करीब पौने तीन करोड़ प्राथमिक सदस्य हैं।
भूपेंद्र चौधरी ने पार्टी की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष या राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। प्रदेश में छह करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर हो चुके हैं, और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 80 करोड़ भारतीयों को मुफ्त राशन मिल रहा है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर भी प्रकाश डाला, कहां राज्य अब देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 37 करोड़ लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं और सुकन्या समृद्धि योजना में लगभग 3.30 करोड़ खाते खोले गए हैं।
कार्यशाला में पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी ने जिले में बूथ समितियों के 80 प्रतिशत गठन की जानकारी दी और बताया कि अब मंडल और जिलाध्यक्ष के चुनाव होंगे। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर और कई अन्य नेता उपस्थित थे।