विजयपुर उपचुनाव: क्या कांग्रेस का गढ़ बचा पाएंगे मल्होत्रा या रावत का दबदबा रहेगा बरकरार?

IMG_1684

Vijaypur Bypoll Result Live Updates

 

विजयपुर विधानसभा सीट पर मतगणना जारी है, और भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। कांग्रेस उम्मीदवार मुकेश मल्होत्रा और भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत के बीच मुकाबला रोचक बना हुआ है। 16वें राउंड तक कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा ने 1,842 वोटों की बढ़त बना ली है। इस दौर में मल्होत्रा को 6,481 वोट मिले, जबकि भाजपा के रावत को 3,143 वोट मिले।

 

कांग्रेस का पारंपरिक गढ़ विजयपुर

विजयपुर कांग्रेस का पारंपरिक गढ़ रहा है। 1990 से 2023 के बीच हुए 8 चुनावों में कांग्रेस ने 6 बार जीत दर्ज की है। इस सीट पर भाजपा की लहर के बावजूद कांग्रेस नेता रामनिवास रावत ने 2013 में भी जीत दर्ज की थी। हालांकि, इस बार स्थिति अलग है। छह बार के विधायक और कांग्रेस नेता रहे रावत अब भाजपा में शामिल हो गए हैं और कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी पा चुके हैं। भाजपा ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाकर चुनाव में उतारा है।

 

दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा का विषय

विजयपुर आदिवासी बहुल सीट है, जहां 60,000 आदिवासी और 30,000 कुशवाह समाज के मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। दोनों समाज का झुकाव पारंपरिक रूप से कांग्रेस की ओर रहा है। कांग्रेस ने इस बार आदिवासी वर्ग से मुकेश मल्होत्रा को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, भाजपा ने रावत को मैदान में उतारकर सीट जीतने का प्रयास किया है।

 

कांग्रेस की बढ़त के मायने

अगर कांग्रेस यह सीट बचाने में कामयाब होती है, तो इसका कार्यकर्ताओं के मनोबल पर सकारात्मक असर पड़ेगा। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और अन्य वरिष्ठ नेताओं की रणनीति को मजबूती मिलेगी। वहीं, भाजपा के लिए रामनिवास रावत को पार्टी में लाने और टिकट देने पर सवाल उठ सकते हैं।

 

भाजपा और कांग्रेस ने झोंकी ताकत

दोनों दलों ने विजयपुर सीट पर जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। भाजपा ने रावत के दल बदल को सही ठहराने और विकास कार्यों को लेकर प्रचार किया, जबकि कांग्रेस ने अपने पारंपरिक मतदाताओं को संगठित करने पर जोर दिया।

चुनाव के नतीजे यह तय करेंगे कि विजयपुर में कांग्रेस अपना गढ़ बचाने में सफल होती है या भाजपा पहली बार इस सीट पर कब्जा जमाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *