टिकट कटने पर कर्णदेव की नाराजगी, सीएम सैनी से मुलाकात से इंकार; पूर्व मंत्री कंबोज ने किया नजरअंदाज

सीएम सैनी से मुलाकात से इंकार
हरियाणा बीजेपी की पहली सूची के बाद पार्टी के भीतर कोहराम थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिन नेताओं को टिकट मिली है, वे खुश हैं, लेकिन जिनकी उम्मीदें थीं और जिन्हें टिकट नहीं मिला, वे पार्टी से खफा नजर आ रहे हैं। इस सूची में सबसे प्रमुख नाम पूर्व राज्य मंत्री कर्ण देव कंबोज का है। मुख्यमंत्री नायब सैनी खुद उनके गांव मंधार पहुंचे, और जब सीएम ने कर्ण देव कंबोज की तरफ हाथ बढ़ाया, तो उन्होंने अपने हाथ पीछे खींच लिए और मुख्यमंत्री को नजरअंदाज कर दिया। इससे स्पष्ट होता है कि पूर्व राज्य मंत्री को टिकट न मिलने का कितना गुस्सा और निराशा है। टिकट न मिलने के कारण उनके कार्यकर्ता भी नाराज हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने अपनी असंतोष व्यक्त किया है।
कर्ण देव कंबोज रादौर और इंद्री सीटों से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन पार्टी ने दोनों सीटों से उनके नाम को दरकिनार कर दिया। इसके तुरंत बाद, पूर्व राज्य मंत्री कर्ण देव कंबोज ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। जैसे ही यह खबर पार्टी के पास पहुंची, उन्हें मनाने की कोशिश की गई।
2019 में कर्ण देव कंबोज ने रादौर विधानसभा से चुनाव लड़ा था और पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा पर भीतरघात के आरोप लगाते हुए उन्हें हार का जिम्मेदार ठहराया था। अब भाजपा ने श्याम सिंह राणा को रादौर से टिकट दिया है, जिससे कर्ण देव कंबोज काफी नाराज हैं। पार्टी की ओर से उन्हें मनाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन कर्ण देव कंबोज ने आज सुबह 9 बजे रादौर की कंबोज धर्मशाला में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। अब देखना यह होगा कि कर्ण देव कंबोज का अगला कदम क्या होगा।