महराजगंज के एडीएम पंकज वर्मा का तबादला, प्रशांत कुमार भारती होंगे नए ADM

उत्तर प्रदेश शासन द्वारा गुरुवार को जारी अधिसूचना के तहत जनपद महराजगंज में प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। जनपद के वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी और एडीएम (वित्त एवं राजस्व) पंकज वर्मा का तबादला कर दिया गया है। उन्हें अब मथुरा जनपद का नया ADM (FR) बनाया गया है।
पंकज वर्मा की गिनती जनपद के कुशल, ईमानदार और प्रशासनिक दृष्टि से दक्ष अधिकारियों में होती रही है। उन्होंने महराजगंज में अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण राजस्व मामलों का प्रभावी निस्तारण किया, साथ ही विकास कार्यों की नियमित समीक्षा कर पारदर्शिता सुनिश्चित की। उनकी कार्यशैली जनसुनवाई में संवेदनशीलता और विभागीय तालमेल में मजबूती के लिए जानी जाती रही है।
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रशांत कुमार भारती को महराजगंज का नया ADM (FR) नियुक्त किया गया है। प्रशांत कुमार भारती इससे पूर्व बुलंदशहर में ADM प्रशासन के पद पर कार्यरत थे और वहां भी उन्होंने प्रशासनिक अनुशासन व कार्यकुशलता का बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया था।
ADM स्तर के इस फेरबदल को जिले की प्रशासनिक दिशा में नए बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि प्रशांत कुमार भारती महराजगंज में किस प्रकार अपने अनुभव व प्रशासनिक कुशलता से जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरते हैं।