Rishikesh: जोरदार धमाके के साथ हवा में उड़ा कंटेनर, घायल अशोक के जेहन में बार-बार लौट रहा खौफनाक मंजर

अशोक का एम्स ट्राॅमा सेंटर में उपचार चल रहा है। इसकी स्पाइनल की सर्जरी हुई है। अशोक के साथ यहां पवन भी भर्ती हैं। अब दोनों खतरे से बाहर हैं। बीते शनिवार को पिथौरागढ़ निवासी अशोक को संजीवनी हेली एंबुलेंस के माध्यम से यहां भर्ती किया गया था। अशोक को स्पाइनल चोट थी।
अशोक आज भी घटना को याद कर सहम जाते हैं। बताया कि घटना सुबह की थी। कुछ लोग जाग गए थे और कुछ सोए थे। अचानक धमाके के साथ उनका कंटेनर हवा में उड़ गया और कुछ दूरी पर सेना के एक भवन पर अटक गया। कहा कि यदि कंटेनर अटकता नहीं तो कई और लोगों की जान जाती।
वहीं रविवार को संभल यूपी निवासी पवन को भर्ती किया गया। पवन के कूल्हे में चोट है। पवन का कहना है कि हिमस्खलन में उनके कंटेनर की छत हवा में कागज की तरह उड़ गई थी। पवन ने बताया कि सुबह जैसे ही उठ कर बैठा था कि धमाके के साथ एवलांच आया। एक मिनट में ही सब तहस-नहस को गया। बताया कि एवलांच से हमारे कंटेनर का दरवाजा टूट गया और छत उड़ गई। हमारा कंटेनर करीब 500 मीटर दूर जा गिरा। पवन ने बताया कि दो दिनों से लगातार बर्फ गिर रही थी। गले की ऊंचाई तक बर्फ पड़ी थी।
पवन ने बताया कि जहां पर उनका कंटेनर बनाया गया था, उससे कुछ दूरी पर क्षतिग्रस्त कंटेनर थे। जो पूर्व में हिमस्खलन से क्षतिग्रस्त हुए थे। पवन ने कहा कि उन्हें बताया गया था कि यह कंटेनर सुरक्षित है, यहां तक ग्लेशियर नहीं आ सकता।