सीतामढ़ी: प्यार में धोखा, शादी के बाद छोड़ दिया अकेला, महिला ने मांगी इंसाफ
बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक महिला को प्यार में धोखा मिला और शादी के बाद उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया गया। अब वह न्याय के लिए दर-दर भटक रही है, लेकिन उसे कहीं से कोई राहत नहीं मिल रही।
पीड़िता, जो रीगा थाना क्षेत्र की रहने वाली है, का आरोप है कि गांव के संजय महतो ने बहला-फुसलाकर उसे गुवाहाटी ले गया। वहां उसने जबरदस्ती संबंध बनाकर उसे गर्भवती कर दिया। जब पीड़िता ने शादी का दबाव डाला, तो मजबूरी में शादी कर ली। संजय गुवाहाटी के विजयनगर में अपने परिवार के साथ रहता था, जहां उसके रिश्तेदार अरुण महतो और वरुण महतो भी रहते हैं।
कुछ समय बाद संजय के परिवार ने दहेज की मांग शुरू कर दी। जब पीड़िता के मायके से दहेज नहीं मिला, तो उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। फिर एक दिन संजय उसे सीतामढ़ी स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गया। जब वह संजय के घर पहुंची, तो सास-ससुर ने पांच लाख रुपये, एक बाइक और पांच तोला सोना लाने की शर्त रखी, तभी उसे घर में रखने की बात कही।
ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि संजय के परिवार ने बच्चे को मारने की कोशिश भी की। प्राथमिकी में गणेश महतो, हंसराज महतो, कमलेश महतो और सिवन महतो को आरोपी बनाया गया, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
न्याय न मिलने से हताश पीड़िता ने एसपी से गुहार लगाई और आत्महत्या की धमकी दी है। महिला का कहना है कि उसे और उसके बच्चे को सुरक्षा चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।