बिहार में जिप सदस्य के घर पर अपराधियों की ताबड़तोड़ फायरिंग, सीसीटीवी में कैद

घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग
बिहार के बख्तियारपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पर बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने एक जिला परिषद सदस्य के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी| इस गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है| यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है| यह पूरा मामला सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कानू टोला का है| घटना की सूचना पर पहुंची बख्तियारपुर पुलिस ने तीन खोखा बरामद किया है| इसके साथ ही पुलिस इस मामले की छानबीन शुरू कर दी है| पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में गोलीबारी की घटना की रिकार्डिंग मिली है| जिसके आधार पर पुलिस अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है|
जानकारी के अनुसार, जिप सदस्य अपने बगल वाले मकान में थे, इस दौरान बाइक सवार कुछ बदमाश युवकों ने पहुंचकर गोलीबारी शुरू कर दी| गोलीबारी की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी सिमरी बख्तियारपुर पुलिस को दी| सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज को खंगाला| गोलीबारी की इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है| फिलहाल घटना के पीछे का कारण पता नहीं चल सका है|
जानकारी के अनुसार, जिप सदस्य के छोटे भाई का पुत्र विभांशु कुमार व ड्राइवर नीरज कुमार घर के बगल स्थित गैराज में स्कॉर्पियो पार्क कर रहा था, इस दौरान कुछ बाइक सवार युवक से गेट खोलने के दौरान तू-तू-मैं-मैं हो गया| इसी बात को लेकर दो तीन बाइक पर सवार आधा दर्जन से अधिक बदमाश युवक हथियार से लैस होकर गोली चलाने लगे| इस दौरान बाइक सवार युवकों ने लगातार गोलीबारी कर दहशत फैला दी| जिला परिषद सदस्य अनिल भगत सलखुआ प्रखंड के पश्चिमी से सदस्य निर्वाचित हैं, जो वर्तमान में सिमरी बख्तियारपुर के कानूटोला स्थित अपने निजी भवन में पत्नी व बच्चों के साथ रहते हैं| बताया जा रहा है कि घटना के समय जिप सदस्य कहीं बाहर निकले हुए थे|