दरभंगा में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, एक की मौत, चार घायल

 

दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के धनौली गांव में जमीन विवाद के चलते एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना में चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान योगेंद्र यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के परिवार की शिकायत पर दस लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

तू-तू, मैं-मैं से शुरू हुई खूनी लड़ाई

घटना धनौली गांव में तब हुई जब योगेंद्र यादव और उनके पड़ोसी विजय यादव के बीच लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मृतक के परिजन सीफैत यादव ने बताया कि विवाद की शुरुआत तू-तू, मैं-मैं से हुई, जो जल्द ही झगड़े में बदल गई। झगड़ा बढ़ते-बढ़ते लाठी-डंडे तक पहुंच गया।

 

जब योगेंद्र यादव के परिवार के लोग उन्हें बचाने पहुंचे, तो उन पर भी हमला किया गया। इस हमले में योगेंद्र यादव की जान चली गई और उनके परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

मृतक के परिजन सीफैत यादव की शिकायत पर बहेड़ी थाना पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपियों में विजय यादव, उदय यादव, लालबाबू यादव और प्रमोद यादव मुख्य रूप से शामिल हैं। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

क्या बोले थाना प्रभारी?

बहेड़ी थानाध्यक्ष वरुण कुमार गोस्वामी ने बताया कि सीफैत यादव के आवेदन पर पड़ोसी विजय यादव, उदय यादव, लालबाबू यादव व प्रमोद यादव सहित कुल 10 लोगों को नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों