Pindra Festival 2025: भोजपुरी सितारों से सजेगा महोत्सव, सुरों का जादू

पिंडरा महोत्सव 2025 में इस बार भोजपुरी जगत के कई बड़े सितारे अपनी प्रस्तुति देंगे। 30 जनवरी से शुरू होने वाला यह तीन दिवसीय महोत्सव 25 से ज्यादा कलाकारों की भागीदारी से रंगीन होगा। इस महोत्सव में दिनेश लाल यादव निरहुआ, रवि किशन, पवन सिंह जैसे मशहूर कलाकार अपनी गायन और अभिनय की कला से दर्शकों को मनोरंजन करेंगे। इसके साथ ही सुर संग्राम के विजेता मोहन राठौर और आलोक कुमार भी अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। इसके अलावा फरुहाई नृत्य और आल्हा गायन जैसे लोककला रूपों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
पिंडरा महोत्सव का उद्घाटन 30 जनवरी को सुबह 11 बजे पिंडरा के नेशनल इंटर कॉलेज में होगा, जहां प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह मौजूद रहेंगे। उद्घाटन समारोह में पर्यटन और संस्कृति विभाग के महानिदेशक मुकेश कुमार मेश्राम, कमिश्नर कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी एस राजलिंगम और मोहित अग्रवाल भी शामिल होंगे। इस दिन महोत्सव की शुरुआत के बाद सात कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें गोपाल राय, मनोहर सिंह, फौजदार सिंह (आल्हा गायक), अलका सिंह, गोलू राजा, छोटू राजा और अंजलि उवर्शी शामिल हैं। उद्घाटन से पहले खेलकूद प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा।
31 जनवरी को महोत्सव में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री कृपा शंकर सिंह, पूर्व सांसद और अभिनेता दिनेशलाल यादव निरहुआ, और सुब्रत पाठक शामिल होंगे। इस दिन मोहन राठौर, आलोक कुमार, पिपुल चौबे, आराधना सिंह, अमलेश शुक्ला, आस्था शुक्ला, जीवन राम, फारुल नंदा और शिवानी सिंह अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
1 फरवरी को महोत्सव का समापन होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सांसद और अभिनेता रवि किशन, और पवन सिंह शामिल होंगे। इस दिन रितेश पांडेय, शिल्पी राज, सौरभ मिश्रा, अंशिका सिंह, विजय चौहान और सोनी जैसे कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। समापन कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों, बुद्धिजीवियों, वैज्ञानिकों, खिलाड़ियों, मेधावी विद्यार्थियों और कलाकारों का सम्मान भी किया जाएगा। महोत्सव का आयोजन रोज सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा।