चुनावी सभाओं में आरोप-प्रत्यारोप, भाजपा ने आप को घेरा, कांग्रेस ने वापसी का दावा

चुनावी सभाओं में आरोप-प्रत्यारोप, भाजपा ने आप को घेरा, कांग्रेस ने वापसी का दावा

दिल्ली के सत्ता संग्राम में आप, भाजपा और कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। तीनों पार्टियों अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं और विरोधी दलों पर हमलावर हैं।

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को नजफगढ़, उत्तम नगर और द्वारका विधानसभा में जनसभा कर पार्टी के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि आम जनता ने ठान लिया है कि वह काम करने वाली पार्टी आप की सरकार बनाएगी। भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की 20 राज्यों में सरकार है, लेकिन उसके किसी भी राज्य में न तो स्कूल अच्छे हैं और न ही 24 घंटे बिजली आती है।

उन्होंने कहा कि हमने 10 साल में कड़ी मेहनत करके दिल्ली के सरकारी स्कूलों को ठीक किया है। 24 घंटे और मुफ्त बिजली दी है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने 10 साल पहले मुझे जिम्मेदारी दी थी। मैंने 10 साल पहले जो वादे किए थे वो सारे पूरे किए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि वह बताएं कि उत्तर प्रदेश में कितने घंटे बिजली आती है। वहां के प्राइमरी स्कूलों की क्या स्थिति है। उनमें बच्चे कितने पढ़ते हैं और कितने स्कूलों में लिफ्ट समेत अत्याधुनिक सुविधाएं हैं।

संजय सिंह ने की जनसभा : सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को शालीमार बाग, मंगोलपुरी, सुल्तानपुर माजरा और नांगलोई जाट विधानसभा में जनसभा की। उन्होंने कहा कि भाजपा न तो इस देश को और न ही हमारे बच्चों को कोई भविष्य दे सकती है। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में फ्री बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य की सुविधाएं देकर हर तबके को राहत पहुंचाई है। आप सरकार ने दिल्ली में 550 मोहल्ला क्लीनिक, स्कूलों में 23 हजार कमरे बनवाए और 6800 किमी सीवर व 4 हजार किमी पानी की पाइप लाइन डाली। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अभियान चलाकर दिल्ली में यूपी, बिहार, पूर्वांचल के लोगों का वोट कटवाया।

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा वाले जनता को कुछ देते नहीं हैं, बल्कि जनता को मिली सुविधाएं छीन लेते हैं। रेलवे में पहले बुजुर्गों को किराए में 50 फीसदी की रियायत मिलती थीं। भाजपा ने यह रियायत देनी भी बंद कर दी। भाजपा ने मुझे जेल में डालकर दिल्ली की जनता को भी बहुत परेशान किया। मुझे पता चला कि इन्होंने बिजली के बिल व पेयजल सप्लाई गड़बड़ कर दी। फर्जी केस बनाकर नरेश बाल्यान को जेल में डाल दिया।

आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को जनता से कहा कि चुनाव में पैसे व तोहफे देने वालों को वोट न दें। वर्चुअल माध्यम से केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पुलिस के संरक्षण में एक दल के नेता पैसे, साड़ी, जूते व सोने की चेन बांट रहे हैं।

अक्सर चुनावों में कहा जाता है कि चुनाव से पहले वाली रात कत्ल की रात होती है। उस रात को खूब शराब, पैसे और मुर्गा बंटता है, लेकिन दिल्ली का यह चुनाव एक अलग ही चुनाव है। इसमें चुनाव से डेढ़ महीने पहले से ही खुलेआम पैसे और सामान बंटना शुरू हो  गया है। 1100-1100 रुपये बांटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी को कोई डर नहीं है।

ये जितना सामान और पैसा बांट रहे हैं, सब ले लो। चिंता मत करो, लेकिन अपना वोट मत बेचना। गरीब और मध्य वर्ग के लोग सयाने होते हैं अपना वोट नहीं बेचेंगे। वोट देने का अधिकार बाबा साहब आंबेडकर ने दिया है। अगर वोट बिकने लगे तो देश में बड़े-बड़े साहूकारों का राज हो जाएगा।

भाजपा के स्टार प्रचारक व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगोलपुरी, नई दिल्ली और द्वारका विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं कर आप व पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखे हमले बोले। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार महिलाओं का अपमान और उनके साथ अन्याय करने वाली बन गई है।

केजरीवाल और उनकी पार्टी का रवैया पूरी तरह महिला विरोधी है। उनकी सरकार में महिलाओं पर अत्याचार और अपमान आम बात हो गई है। स्वाति मालीवाल जैसी अपनी ही पार्टी की महिला सांसद को घर बुलाकर पिटवाना और अभद्र टिप्पणी करवाना इस बात का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री आतिशी को पोस्टरों और चुनावी अभियानों से गायब कर दिया गया है। यह दर्शाता है कि केजरीवाल महिलाओं को सशक्त करने के बजाय उन्हें दबाने में यकीन रखते हैं। उन्होंने छठ पूजा के दौरान यमुना में गंदे और झाग भरे पानी में महिलाओं के खड़े होने की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह केजरीवाल सरकार की संवेदनहीनता और प्रशासनिक विफलता का उदाहरण है। सोमनाथ भारती का जिक्र करते हुए कहा कि आप के नेता अपनी पत्नी के साथ हिंसा करते हैं और केजरीवाल चुप्पी साधे रहते हैं।

पंजाब की महिलाओं से 1000 रुपये देने का वादा करके मुकर जाने और विरोध करने वाली महिलाओं को भाजपा का बताकर अपमान करने का कदम केजरीवाल के महिला विरोधी रवैये को और स्पष्ट करता है।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने बेटियों के लिए स्कूल तो नहीं खोले, लेकिन हर गली में शराब के ठेके जरूर खुलवा दिए। इससे घरेलू हिंसा और सामाजिक समस्याएं बढ़ीं। आप सरकार ने शराब और टैंकर माफिया को बढ़ावा देकर महिलाओं की रोजमर्रा की समस्याएं और बढ़ा दी हैं। केजरीवाल सरकार महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों पर हमला करती रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों