Delhi Elections 2025: इन 10 विधानसभा सीटों पर जनता चुनेगी नए चेहरे, पहली बार बनेंगे विधायक

Delhi Elections 2025: इन 10 विधानसभा सीटों पर जनता चुनेगी नए चेहरे, पहली बार बनेंगे विधायक

विधानसभा चुनाव में 10 सीटों पर नई उम्मीदों का आगाज देखने को मिलेगा। इन सीटों पर इस बार नए चेहरे विधायक चुने जाएगे। इन सीटों पर आप, भाजपा व कांग्रेस के उम्मीदवार वर्तमान विधायक ही नहीं, बल्कि पूर्व विधायक भी नहीं हैं। इस तरह यह चुनाव केवल पार्टियों के लिए नहीं, बल्कि इन नए चेहरों के लिए भी परीक्षा की घड़ी है।

विधानसभा चुनाव में आदर्श नगर, चांदनी चौक, हरी नगर, जनकपुरी, नजफगढ़, पालम, महरौली, देवली, त्रिलोकपुरी और कृष्णा नगर क्षेत्र में नए चेहरे विधायक चुने जाने तय हैं। आप ने इस बार टिकट बंटवारे में बड़ा बदलाव करते हुए कई दिग्गज नेताओं को किनारे किया और इन 10 सीटों के साथ कई अन्य सीटों पर भी नए चेहरों को मौका दिया है। वहीं, भाजपा ने भी नए चेहराें पर दांव लगाया है। इस कड़ी में इन सीटों पर भी उनके नए चेहरे उतरे हैं।

कांग्रेस ने इस बार इन सीटों पर ही नहीं, बल्कि अधिकतर सीटों पर नए चेहरों को अवसर दिया है। गत चुनाव में इन सीटों पर आप के विधायक चुने गए थे, लेकिन पार्टी ने इस बार टिकट काट दिए हैं। इस तरह आप ने इन सीटों पर अन्य नेताओं को उम्मीदवार बनाया है। इसी तरह कांग्रेस व भाजपा ने इन सीटों पर अपने पूर्व विधायकों को अवसर नहीं दिया और नए चेहरे उतारे हैं।

चांदनी चौक से आप के पुनरदीप साहनी, भाजपा के सतीश जैन व कांग्रेस के मुदित अग्रवाल और नजफगढ़ से आप के तरुण यादव, भाजपा की नीलम व कांग्रेस की सुषमा यादव पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इसी तरह पालम से आप के जोगेंद्र सोलंकी, भाजपा के कुलदीप सोलंकी व कांग्रेस के मांगेराम भी पहली बार विधानसभा चुनाव के दंगल में कूदे हैैं। देवली से चुनाव लड़े रहे तीनों दलों के उम्मीदवार भी पहली बार किस्मत आजमा रहे हैं। यहां आप के प्रेम चौहान, भाजपा-लोजपा के दीपक तंवर व कांग्रेस के राजेश चौहान भी पहली बार चुनाव मैदान में हैं।

महरौली से आप के महेंद्र चौधरी पहले चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन भाजपा के गजेंद्र यादव व कांग्रेस की पुष्पा सिंह पहली बार विधायक बनने के लिए चुनावी दंगल में कूदे हैं। जनकपुरी से भाजपा के आशीष सूद दूसरी बार और आप के प्रवीन कुमार व कांग्रेस की हरबानी कौर पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। इसी तरह त्रिलोकपुरी से आप की अंजना पार्चा दूसरी बार चुनाव लड़ रही हैं, जबकि भाजपा के रविकांत उज्जैन व कांग्रेस के अमरदीप को पहली बार टिकट मिला है। आदर्श नगर क्षेत्र में चुनाव लड़ रहे आप के मुकेश गोयल व भाजपा के राजकुमार भाटिया पहले भी किस्मत आजमा चुके हैं, जबकि कांग्रेस के शिवांक सिंघल पहली बार चुनावी दंगल में कूदे हैं। हरी नगर में आप के सुरेंद्र सेतिया और भाजपा के श्याम शर्मा पहले चुनाव लड़ चुके है, जबकि कांग्रेस के प्रेम शर्मा को पहली बार टिकट मिला है। कृष्णा नगर से आप के विकास बग्गा पहली बार, जबकि भाजपा के अनिल गोयल और कांग्रेस के गुरचरण सिंह दूसरी बार चुनाव मैदान में कूदे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों