World Book Fair: 1 फरवरी से प्रगति मैदान में शुरू थीम – ‘हम, भारत के लोग

World Book Fair: 1 फरवरी से प्रगति मैदान में शुरू थीम – ‘हम, भारत के लोग

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अधीनस्थ राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (नेशनल बुक ट्रस्ट) नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2025 एक फरवरी से लेकर नौ फरवरी तक आयोजित करेगा। भारत मंडपम में आयोजित होने वाले यह पुस्तक मेला पहले से कहीं अधिक बड़ा और बेहतर होगा।

इसमें विश्व की सर्वश्रेष्ठ पुस्तकों के साथ साहित्य, संस्कृति और उत्सव का जश्न मनाया जाएगा। इस वर्ष विश्व पुस्तक मेले की थीम वक्तव्य ‘हम, भारत के लोग…’ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के प्रारंभिक शब्द हैं।

पुस्तक मेले का थीम पवेलियन गणतंत्र भारत के 75 वर्षों (1950- 2025) के उत्सव को विशिष्ट रूप से दर्शाएगा। पहली बार नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (अहमदाबाद) ने मेले के 75 वर्ष के लोगो में 13 भारतीय भाषाओं को उकेरा है। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया राष्ट्रीय पुस्तक न्यास का 52 वर्षों से अधिक की विरासत के साथ, विश्व पुस्तक मेला दुनिया के सबसे बड़े और सबसे ज्यादा देखे जाने वाले साहित्यिक उत्सवों में से एक है। एक फरवरी से नौ फरवरी तक सुबह 11 बजे से लेकर रात आठ बजे तक दर्शक पुस्तकों की दुनिया से रूबरू हो सकेंगे।

पुस्तक मेले के सहआयोजक भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) ऑनलाइन टिकट बिक्री करेगा।  इसके अलावा चुनिंदा दिल्ली मेट्रो के स्टेशनों पर भी टिकट मिलेगी। वयस्कों के लिए टिकट दर 20 रुपये और बच्चों के लिए 10 रुपये होगा। स्कूल यूनिफार्म में आने वाले छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।

विश्व पुस्तक मेला प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम के हॉल 2 से लेकर 6 में चलेगा। गेट 10 (मेट्रो स्टेशन के पास), गेट 4 (भैरों रोड), गेट 3 निकटतम मेट्रो स्टेशन सुप्रीम कोर्ट से एंट्री होगी। गेट नंबर 10 से शटल सेवा भी उपलब्ध रहेगी।

  • थीम मंडप (हॉल-5) : नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिज़ाइन, अहमदाबाद द्वारा डिज़ाइन किया गया, यह मंडप इंस्टॉलेशन, किताबों, वृत्तचित्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारत के गणतंत्रीय आदर्शों को प्रदर्शित करेगा।
  • अंतरराष्ट्रीय फोकस मंडप (हॉल-4) : ‘रूस से आई किताबें’ – क्यूरेटेड प्रदर्शनों के माध्यम से रूस की समृद्ध साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन दिखेगा।
  • लेखक कॉर्नर (हॉल-5) और लेखक मंच (हॉल-2) : साहित्यिक चर्चाओं में प्रमुख लेखकों, कवियों और अनुवादकों के साथ बातचीत करें।
  • बच्चों का मंडप (हॉल-6) : कथावाचन , लेखन एवं अन्य रचनात्मक कार्यशालाओं और इंटरैक्टिव गतिविधियों के साथ युवा पाठकों एवं अभिभावकों की पसंदीदा जगह ।
  • प्रकाशन जगत से जुड़े उद्यमियों के लिए व्यावसायिक अवसर : बी-टू-बी जोन और नई दिल्ली राइट्स एक्सचेंज फोरम प्रकाशकों को वैश्विक स्तर पर कॉपीराइट्स क्रय -विक्रय के लिए उत्तम मंच प्रदान करता है।
  • सांस्कृतिक मंच : गणतंत्र भारत के 75 वर्ष पूर्ण होने पर भारत की विविधता और विरासत का जश्न मनाने वाले सांस्कृतिक प्रदर्शन प्रतिदिन शाम को होगा। लेखक लाउंज में प्रकाशित लेखकों और चित्रकारों का कोना में प्रकाशन में कला एवं व्यंग्यात्मक कार्टून के कार्यों की प्रदर्शनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों