ऑटो और बाइक की टक्कर में हिमाचल प्रदेश के युवक की मौत, साथी घायल

दरभंगा के दरभंगा-समस्तीपुर मुख्य सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा निवासी एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना विशनपुर थाना क्षेत्र के डीहलाही गांव के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से बाइक सवार युवक की जान चली गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के रामजी सिंह डोगरा के बेटे बलविंदर सिंह डोगरा (निवासी कांगड़ा, पानीजी वार्ड-3) के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति का नाम हेमंत लाल देव है, जो समस्तीपुर के सदर थाना क्षेत्र के मेकना बेदा गांव का निवासी है। हेमंत को गंभीर हालत में दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।
घायल हेमंत लाल देव के अनुसार, वह और बलविंदर सिंह समस्तीपुर में सिविल वर्क का काम करते थे। उनका एक प्रोजेक्ट डीहलाही में चल रहा था, जिसे देखने के बाद दोनों बाइक पर सवार होकर समस्तीपुर लौट रहे थे। रास्ते में एक तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी,
जिससे बाइक बीच सड़क पर पलट गई। हेमंत लाल ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि बलविंदर सिंह को संभलने का मौका नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मैं गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने हमें सड़क पर गिरा देखा और पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल हेमंत और मृत बलविंदर को पुलिस ने डीएमसीएच पहुंचाया। विशनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे सुरक्षित रखा गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। थानाध्यक्ष के अनुसार, हमने ऑटो चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गया। घायल युवक का इलाज जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
बलविंदर सिंह डोगरा और हेमंत लाल देव समस्तीपुर में किराए के मकान में रहकर सिविल वर्क का काम करते थे। हादसे के वक्त वे अपने काम की साइट से लौट रहे थे। वहीं, घटना की सूचना परिजनों को मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई। बलविंदर के परिवार ने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी ऑटो चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा के अभाव और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण न होने को लेकर नाराजगी जाहिर की है।