गोरखपुर के हुक्का बार में छापा: नशे के आदी बन रहे युवाओं पर कार्रवाई, 8 के खिलाफ केस दर्ज

पाबंदी के बाद भी शाहपुर इलाके में चोरी छिपे हुक्का बार चलाया जा रहा था। बृहस्पतिवार रात को शाहपुर पुलिस ने छापा मारा तो धुआं उड़ाते 15 लड़के-लड़कियां मिलीं। पुलिस ने हुक्का बार के संचालक और तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से ही 10 हुक्का और तंबाकू व फ्लेवर बरामद कर संचालक समेत आठ पर केस दर्ज किया है।
शाहपुर पुलिस ने बताया कि गीता वाटिका के पास एक बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर जेनिस बॉटल रेस्टोरेंट में हुक्का बार संचालित होने की सूचना मिली थी। यहां पर कम उम्र के लड़के-लड़कियों को संचालक लाइसेंस होने का दावा करके हुक्का पीने के लिए बुलाता था। सूचना पर रात करीब नौ बजे छापा मारा गया। वहां लड़के-लड़कियां हुक्का पीते हुए मिले, जो पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा।
इसके बाद पकड़े गए लड़के-लड़कियों के अभिभावकों को सूचना दी गई। अभिभावक आए तो लड़के-लड़कियों को चेतावनी देने के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस ने उन्हें दोबारा ऐसी हरकत न करने की शपथ भी दिलाई।
पकड़े गए संचालक व तीन कर्मियों को मिली जमानत
पकड़े गए संचालक गीता वाटिका निवासी अनुराग कुमार सिंह, मोहनापुर का आकाश यादव, बिछिया का रोहित छेत्री और विनय साहनी पर शुक्रवार को केस दर्ज कर पुलिस ने कोर्ट भिजवा दिया। वहां आरोपियों को जमानत मिल गई। इसके अलावा मौके से भागने वाले अनिरुद्ध ओझा, रुचि शर्मा, आदित्य मौर्या और निखिल सिंह की पुलिस तलाश कर रही है।
पाबंदी के बाद भी हुक्का बार चलाने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। भागने वाले आरोपियों की तलाश चल रही है