Bihar Weather: पटना सहित 13 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, छाता लेकर निकलें

पटना और दक्षिण बिहार के जिलों में शनिवार को मौसम में थोड़ा बदलाव होने की संभावना है। बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 13 जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है, हालांकि बिहार में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। बादल रहने से दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। अगले 48 घंटों तक दक्षिण बिहार के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।बीते 24 घंटे में बिहार का सबसे ठंडा शहर किशनगंज रहा, जहां तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, गया सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को बिहार के 25 शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई, जबकि 29 शहरों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई।
पटना में अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा।मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन जिलों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।हालांकि इस साल बिहार में सर्दी का मौसम हल्का दिखाई दे रहा है। साल का अंत होने को है, लेकिन राज्य में अब तक कड़ाके की ठंड नहीं पड़ी है। दिन में तेज धूप के कारण ठंड का असर कम महसूस हो रहा है, और लोग अब भी सर्दी के तीव्र होने का इंतजार कर रहे हैं।