Ghaziabad News:मकान विवाद: बहू और ससुर के बीच बढ़ी तकरार, कब्जे की घटना चर्चा में
Yash Sinha December 27, 2024
साहिबाबाद: पसौंड़ा की रहने वाली खुशबू ने दो महिलाओं पर उनके नए खरीदे मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। इस मामले में खुशबू की शिकायत पर पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खुशबू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने 16 दिसंबर को पसौंड़ा निवासी रामस्वरूप शर्मा से एक मकान खरीदा था। वह जल्द ही नए घर में शिफ्ट होने की तैयारी कर रही थीं। लेकिन 22 दिसंबर की शाम दो महिलाएं घर पहुंचीं और ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गईं। इसके बाद उन्होंने घर में अपना ताला डालकर कब्जा जमा लिया।
खुशबू ने आरोप लगाया कि अब दोनों महिलाएं घर छोड़ने को तैयार नहीं हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रामस्वरूप ने यह मकान अपनी पुत्रवधु को बिना बताए बेच दिया था। जब रामस्वरूप की बहू सीमा को इस बारे में जानकारी मिली, तो उसने घर पर कब्जा कर लिया।
एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है, और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।