Delhi Election 2025: “केजरीवाल ने दिल्ली चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावनाओं को किया नकारा”
Jessica Singh December 11, 2024
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की खबरों पर अरविंद केजरीवाल ने विराम लगा दिया है। केजरीवाल ने स्पष्ट कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और कांग्रेस के साथ किसी भी प्रकार के गठबंधन की संभावना नहीं है।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत अंतिम चरण में है। खबर के मुताबिक, इस गठबंधन में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के अलावा इंडिया गठबंधन के कुछ अन्य दलों को भी शामिल करने की चर्चा थी। यह कहा जा रहा था कि कांग्रेस को 15 सीटें और इंडिया गठबंधन के अन्य दलों को 1 या 2 सीटें मिल सकती हैं, जबकि बाकी सीटों पर आम आदमी पार्टी खुद चुनाव लड़ेगी।
हालांकि, इस दावे का खंडन करते हुए अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एएनआई के पोस्ट का जवाब देते हुए कहा, “आम आदमी पार्टी दिल्ली में इस चुनाव में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के साथ गठबंधन की कोई संभावना नहीं है।”
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी अब तक दो सूची जारी कर चुकी है। पहली सूची में पार्टी ने 11 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान किया था, जबकि दूसरी सूची में सोमवार को 20 सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित किए गए।
गौरतलब है कि दिल्ली में अगले साल 2025 में विधानसभा चुनाव होंगे और इन चुनावों की संभावना फरवरी में जताई जा रही है। चुनाव आयोग जनवरी में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। इस बीच, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच कोई गठबंधन नहीं हुआ है, जबकि भाजपा भी चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है।
2020 में हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 70 में से 62 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को 8 सीटें मिली थीं और कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था।