तीन किलो कागज, फिर भी नहीं मिला न्याय! तेनुअहिया किसानों के समर्थन में कल कलेक्ट्रेट पर गरजेगी भाकियू
तीन किलो कागज, फिर भी नहीं मिला न्याय! तेनुअहिया किसानों के समर्थन में कल कलेक्ट्रेट पर गरजेगी भाकियू
आनंद पब्लिक, महराजगंज
(लालजी यादव)
पनियरा, महराजगंज। तेनुअहिया किसानों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) सोमवार 22 जून को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करेगी। संगठन ने दावा किया है कि किसानों की समस्याओं और शिकायतों से जुड़े ज्ञापन, आवेदन और पत्रों का ढेर अब लगभग तीन किलो वजन का हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद किसानों को अब तक न्याय नहीं मिल सका है।
भाकियू जिला अध्यक्ष राम अशीष ने बताया कि संगठन के कार्यकर्ता और किसान धरना स्थल से जुलूस की शक्ल में सड़कों पर प्रदर्शन करते हुए सुबह करीब 11 बजे जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे। वहां किसानों की मांगों और तेनुअहिया प्रकरण में न्याय न मिलने के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से तराजू पर कागजों का वजन कर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
किसान नेताओं का कहना है कि यदि इतने अधिक ज्ञापन, शिकायतें और पत्राचार के बाद भी प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है, तो यह व्यवस्था की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। प्रदर्शन के दौरान किसान जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई और न्याय की मांग करेंगे।
भाकियू ने कहा कि तेनुअहिया किसानों का मामला लंबे समय से लंबित है और बार-बार गुहार लगाने के बावजूद समाधान न होना किसानों में आक्रोश पैदा कर रहा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
