21 नौनिहालों ने चखा अन्न, पोषण के साथ स्वच्छता का भी दिया संदेश

21 नौनिहालों ने चखा अन्न, पोषण के साथ स्वच्छता का भी दिया संदेश
अन्नप्राशन कार्यक्रम में माताओं को मिला बच्चों के संतुलित आहार और स्वस्थ विकास का मंत्र
आनंद पब्लिक, महराजगंज
(लालजी यादव)
महराजगंज/परतावल। आंगनबाड़ी केंद्र बड़ाहरा बड़ाईपार, विकासखंड परतावल में सोमवार को अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान 21 बच्चों का विधिवत अन्नप्राशन कराया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि छह माह की आयु पूरी होने के बाद मां के दूध के साथ बच्चों को ऊपरी आहार देना शुरू करना चाहिए। इससे बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं समुचित विकास में मदद मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान माताओं को बच्चों के लिए पौष्टिक एवं संतुलित आहार की उपयोगिता समझाई गई। साथ ही हाथ धोने के छह प्रमुख संकेतों के बारे में जानकारी देकर स्वच्छता को बच्चों के स्वस्थ जीवन से जोड़ते हुए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर रेसिपी प्रदर्शन, मोटे अनाज का प्रदर्शन तथा फल-सब्जियों की प्रदर्शनी लगाकर लोगों को स्थानीय और पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने बच्चों के पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कुपोषण से बचाते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य, शारीरिक विकास और मजबूत भविष्य की नींव तैयार करना रहा।
