वरिष्ठ पत्रकार को धमकी और अवैध वसूली का मामला दर्ज, सोशल मीडिया मैसेंजर से मांगे गए 20 हजार रुपये

0

वरिष्ठ पत्रकार को धमकी और अवैध वसूली का मामला दर्ज, सोशल मीडिया मैसेंजर से मांगे गए 20 हजार रुपये

आनंद पब्लिक, महराजगंज
(क्राईम रिपोर्टर सोनू पांडेय)

शिकारपुर,महाराजगंज।
शिकारपुर क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार घनश्याम श्रीवास्तव को सोशल मीडिया मैसेंजर के माध्यम से धमकी देने, गाली-गलौज करने और अवैध वसूली की मांग का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि फेसबुक पर बने “सिंग श्रे” और “सुधीर यादव” नामक आईडी से पत्रकार को अशोभनीय संदेश भेजे गए और ₹10,000 से ₹20,000 तक की मांग की गई। रकम न देने पर जान-माल की धमकी देने के साथ ही पत्रकार के चरित्र पर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।
मामले से आहत पत्रकार घनश्याम श्रीवास्तव ने साइबर सेल में लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। साइबर सेल प्रभारी द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच में यह पाया गया कि धमकी देने वाला व्यक्ति रिटायर्ड नायब तहसीलदार शिवकुमार लाल श्रीवास्तव का पुत्र नैन श्रीवास्तव बताया जा रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति गाजियाबाद का निवासी बताया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों नाम एक ही व्यक्ति द्वारा उपयोग किए गए हैं या दोनों अलग-अलग लोग हैं।
साइबर सेल की जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना भिटौली में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और धमकी से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, सोशल मीडिया अकाउंट्स और मैसेंजर चैट की गहन जांच की जा रही है।
पत्रकार संगठनों ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला बताया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *