दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों की रिकॉर्ड बढ़ोतरी पर किया बड़ा ऐलान, मिलेगी नई सुविधाएं

दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों की रिकॉर्ड बढ़ोतरी पर किया बड़ा ऐलान
राजधानी दिल्ली में लाखों लोग प्रतिदिन मेट्रो से यात्रा करते हैं। मेट्रो की विभिन्न लाइनों के माध्यम से पूरी दिल्ली को जोड़कर यात्रियों को सुगम यात्रा की सुविधा मिलती है। अगस्त महीने में दिल्ली मेट्रो की यात्रा करने वाले पैसेंजर्स की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि देखी गई है। 20 अगस्त को 77,49,682 यात्रियों ने दिल्ली मेट्रो की सेवा ली, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इस रिकॉर्ड वृद्धि को देखते हुए, दिल्ली मेट्रो ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की है: सभी लाइनों पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी।
दरअसल, पिछले महीने में दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों की रिकॉर्ड संख्या दर्ज की है। रोजाना मेट्रो से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या 72 लाख से 78 लाख के बीच रही। शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने शुक्रवार और शनिवार को सभी लाइनों पर एक अतिरिक्त ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इससे मेट्रो यात्रा में सुविधा होगी और भीड़ को कम किया जा सकेगा।
डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कॉरपोरेट संचार) अनुज दयाल ने बताया, ‘‘पिछले चार दिनों में दिल्ली मेट्रो द्वारा दर्ज की गई यात्री संख्या शीर्ष पांच रिकॉर्ड में शामिल हो गई है, जिसमें 20 अगस्त को 77,49,682 यात्रियों की संख्या सर्वाधिक रही।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए, डीएमआरसी ने सभी लाइनों पर एक अतिरिक्त ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। शुक्रवार और शनिवार को ट्रेन के 84 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे, और यदि आवश्यकता पड़ी तो ये अतिरिक्त फेरे भविष्य के कार्यदिवसों पर भी जारी रह सकते हैं।’